जन प्रतिनिधि के तौर पर जनसेवा में मोदी के 25 साल पूरे होने पर बंगाल के हर जिले में कार्यक्रम होंगे
जन प्रतिनिधि के तौर पर जनसेवा में मोदी के 25 साल पूरे होने पर बंगाल के हर जिले में कार्यक्रम होंगे
कोलकाता, 17 सितंबर (भाषा) पश्चिम बंगाल सरकार ने बृहस्पतिवार को घोषणा की कि पहले गुजरात के मुख्यमंत्री और बाद में प्रधानमंत्री के तौर पर जनसेवा में नरेन्द्र मोदी के 25 साल पूरा होने के उपलक्ष्य में वह सात अक्टूबर को हर जिले में कार्यक्रम आयोजित करेगी।
मोदी ने सात अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली थी और मई 2014 से वह प्रधानमंत्री हैं।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा, ‘‘सात अक्टूबर को गुजरात के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के तौर पर जनसेवा में मोदी के 25 साल पूरे होने के मौके पर हमने हर जिले में एक भव्य कार्यक्रम की योजना बनाई है, जिसमें प्रधानमंत्री डिजिटल तरीके शामिल होंगे।’’
शुभेंदु कोलकाता में कदमतला घाट पर ‘एक लाख आशीर्वाद प्रदीप प्रज्ज्वलन’ कार्यक्रम में बोल रहे थे। यह कार्यक्रम मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में राज्य सरकार की ओर से आयोजित महीने भर चलने वाले कार्यक्रमों का हिस्सा था। इस मौके पर हावड़ा ब्रिज को भी दीयों से रोशन किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘यह हम सभी के दिलों का संकल्प है, जिसे हमने पहले ही दीप जलाकर जाहिर किया है।’’
उन्होंने बताया कि इस महीने ऐसे 12 कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बनाई गई है, जिनमें सरकार के सदस्य, भाजपा नेता और आम जनता शामिल होगी।
शुभेंदु ने कहा कि राज्य सरकार ने बृहस्पतिवार को ‘अन्नपूर्णा दिवस’ भी मनाया, जिसके तहत महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए ‘नारी संकल्प पत्र’ योजना के अंतर्गत लगभग 1.6 करोड़ महिलाओं के बैंक खातों में 3,000-3,000 रुपये भेजे गए।
शुभेंदु ने कई ऐसी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का जिक्र किया, जिन्हें केंद्र की मदद से तेजी से पूरा किया जाएगा। इनमें बैरकपुर से नोआपाड़ा तक कोलकाता मेट्रो नेटवर्क का विस्तार भी शामिल है।
शुभेंदु ने पूर्वी मेदिनीपुर जिले के तटीय इलाके में रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) के मिसाइल परीक्षण केंद्र का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि केंद्र ने राज्य में 125 दिन की ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के लिए लगभग 8,000 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं।
भाषा राजकुमार पारुल
पारुल

Facebook


