चेन्नई, छह मई (भाषा) तमिलनाडु में बढ़ती सियासी सरगर्मी के बीच अन्नाद्रमुक नेता कोवई सत्यन ने बुधवार को कहा कि ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) और तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के बीच संभावित सहयोग के मुद्दे पर “गेंद अब टीवीके प्रमुख विजय के पाले में है।”
चेन्नई में संवाददाताओं से बातचीत में सत्यन ने कहा कि हालांकि, दोनों खेमों के बीच तालमेल “जोर” पकड़ रहा है, लेकिन गठबंधन या समर्थन के सिलसिले में कोई भी औपचारिक फैसला अंतत: अन्नाद्रमुक का शीर्ष नेतृत्व ही लेगा।
सत्यन ने अन्नाद्रमुक के भीतर आंतरिक कलह या संभावित फूट की अफवाहों को सिरे से खारिज कर दिया।
उन्होंने कहा, “अन्नाद्रमुक के विभाजन का तो कोई सवाल ही नहीं उठता। सभी के बीच आम सहमति है और अंतिम फैसला शीर्ष नेतृत्व लेगा।”
टीवीके के समर्थन मांगने से जुड़ी खबरों के बारे में पूछे जाने पर सत्यन ने दावा किया कि टीवीके ने अभी औपचारिक रूप से पत्र लिखकर किसी भी पार्टी से संपर्क नहीं किया है। हालांकि, उन्होंने कहा कि संचार के सभी माध्यम खुले हैं।
सत्यन ने कहा, “गेंद अब विजय के पाले में है। उन्हें सोच-समझकर फैसला लेना होगा कि वह अपना कार्यकाल पूरा करना चाहते हैं या 1.5 करोड़ युवाओं के सपनों को साकार करने के लिए और अधिक पार्टियों को अपने विश्वास में लेने की कोशिश करना चाहते हैं।”
सरकार गठन और शक्ति प्रदर्शन के संबंध में अन्नाद्रमुक नेता ने कहा कि पार्टी राज्यपाल कार्यालय से स्थिति साफ होने की प्रतीक्षा कर रही है।
उन्होंने कहा कि राज्यपाल ने विपक्षी दल के विधायकों की संख्या के संबंध में अधिक जानकारी मांगी है और वह “संविधान के प्रावधानों के अनुसार” काम कर रहे हैं।
जब सत्यन से पूछा गया कि क्या 25-30 विधायक शामिल थे, तो उन्होंने विशिष्ट संख्या बताने से इनकार कर दिया और मीडिया से आगे के घटनाक्रम के लिए “आज रात तक इंतजार करने” का आग्रह किया।
भाषा पारुल पवनेश
पवनेश