आज ही के दिन कोरोना वायरस के प्रकोप के चलते पूरे देश में हुआ था लॉकडाउन का ऐलान

Ads

आज ही के दिन कोरोना वायरस के प्रकोप के चलते पूरे देश में हुआ था लॉकडाउन का ऐलान

  •  
  • Publish Date - March 24, 2026 / 11:04 AM IST,
    Updated On - March 24, 2026 / 11:04 AM IST

नयी दिल्ली, 24 मार्च (भाषा) देश और दुनिया के इतिहास में यूं तो कई महत्वपूर्ण घटनाएं 24 मार्च की तारीख के नाम दर्ज हैं, लेकिन 24 मार्च 2020 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कोरोना वायरस के कहर के कारण देशभर में लॉकडाउन लगाने की घोषणा करके इस दिन को इतिहास में जगह बनाने की एक बड़ी वजह दे दी। देश में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों का आंकड़ा 500 से पार होने के बाद यह एहतियाती कदम उठाया गया। भारत द्वारा कोरोना वायरस से लड़ने के लिए लॉकडाउन उपायों को लागू किए जाने के साथ ही पूरी दुनिया की 2.6 अरब से अधिक आबादी प्रतिबंधों के दायरे में आ गयी।

तपेदिक को लेकर भी यह दिन खास है, क्योंकि इसी दिन बीमारी के बैक्टीरिया की पहचान हुई थी। डॉ. राबर्ट कोच ने 24 मार्च 1882 को यह ऐलान किया था कि उन्होंने माइकोबैक्टीरियम ट्यूबरकुलोसिस का पता लगा लिया है, जो इंसानों में तपेदिक की बीमारी के लिए जिम्मेदार है। यही वजह है कि दुनियाभर में 24 मार्च को ‘‘विश्व तपेदिक दिवस’’ के तौर पर मनाया जाता है।

देश दुनिया के इतिहास में 24 मार्च की तारीख पर दर्ज महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-

1307 : देवगिरी (दौलताबाद) के अजेय किले पर अलाउद्दीन खिलजी के नेतृत्व में मलिक काफूर ने कब्जा कर लिया।

1855 : कलकत्ता से आगरा के बीच पहला लंबी दूरी का टेलीग्राफिक संदेश भेजा गया।

1882 : डॉ. रॉबर्ट कोच ने उस बैक्टीरिया का पता लगाया, जिसकी वजह से तपेदिक की बीमारी होती है।

1603: एलिजाबेथ प्रथम का निधन।

1946: लॉर्ड पैथिक लॉरेंस के नेतृत्व में ब्रिटिश कैबिनेट मिशन भारत पहुंचा।

1972 : ब्रिटेन ने घोषणा की कि वह वेस्टमिंस्टर में अपने केंद्र से उत्तरी आयरलैंड पर शासन करेगा।

1977 : मोरारजी देसाई भारत के चौथे प्रधानमंत्री बने और उन्होंने पहली बार देश में गैर-कांग्रेसी सरकार बनाई।

1989 : ‘डेल्टा स्टार’ उपग्रह का परीक्षण।

2008 : भूटान नेशनल असेंबली के लिए पहला आम चुनाव हुआ।

2018 : चाड में संघर्ष में एक सैनिक और बोको हराम के 20 लड़ाके मारे गए।

2020 : कोरोना से संक्रमित लोगों की संख्या 500 के पार। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 21 दिन के लिए पूरे देश में लॉकडाउन लगाया। सड़क, रेल और हवाई सेवा बंद। भारत द्वारा कोरोना वायरस से लड़ने के लिए लॉकडाउन उपायों को लागू किए जाने के साथ ही पूरी दुनिया की 2.6 अरब से अधिक आबादी प्रतिबंधों के दायरे में आ गयी। इसी दिन जेहादी हमले में नाइजीरिया में 70 सैनिक मारे गये।

2022 : सोमालिया में एक मतदान केंद्र पर हुए आत्मघाती हमले में महिला सांसद समेत 48 लोग मारे गये,108 अन्य घायल।

2023 : ‘परिणीता’ और ‘मर्दानी’ जैसी नारी प्रधान फिल्मों के निर्देशन से पहचान बनाने वाले फिल्मकार प्रदीप सरकार का मुंबई में 67 वर्ष की उम्र में निधन। सरकार को ‘परिणीता’ के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार से नवाजा गया था।

2024 : नाइजीरिया में अपहृत करीब 300 स्कूली बच्चों में से 137 को मुक्त कराया गया।

2025 : इजराइल ने दक्षिणी गाजा के सबसे बड़े अस्पताल पर हमला किया। दो लोगों की मौत कई अन्य घायल।

भाषा मनीषा

मनीषा