जयपुर, 14 अप्रैल (भाषा) वर्दी की जिम्मेदारियों के बीच अक्सर अपने ही घर-परिवार से दूर रहने वाले पुलिसकर्मियों के लिए सवाईमाधोपुर की पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी ने एक संवेदनशील पहल करते हुए ऐसा आदेश जारी किया है, जिसने महकमे में नई उम्मीद जगा दी है और सोशल मीडिया पर भी इसकी सराहना हो रही है।
नए निर्देश के तहत अब पुलिसकर्मी अपने जन्मदिन के साथ-साथ पत्नी, बच्चों और माता-पिता के जन्मदिन जैसे खास अवसरों पर अवकाश ले सकेंगे जिसके लिए ऐसे मौकों पर यदि कोई पुलिसकर्मी छुट्टी के वास्ते आवेदन करता है तो अनिवार्य रूप से आकस्मिक अवकाश स्वीकृत किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक ने कहा, ‘‘दरअसल, पुलिसकर्मियों की ड्यूटी ऐसी होती है, जिसमें त्योहार, पारिवारिक कार्यक्रम और निजी खुशी के मौके भी अक्सर पीछे छूट जाते हैं। लगातार काम के दबाव के कारण वे अपने प्रियजनों के साथ महत्वपूर्ण पल साझा नहीं कर पाते, जिससे मानसिक तनाव और पारिवारिक दूरी बढ़ती है। इस पहल के जरिए इसी कमी को दूर करने का प्रयास किया गया है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘यह कदम केवल छुट्टी देने तक सीमित नहीं है, बल्कि पुलिसकर्मियों के मनोबल को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।’’
इस व्यवस्था का दायरा भी व्यापक रखा गया है जिसमें कांस्टेबल से लेकर सहायक उप निरीक्षक तक के पुलिसकर्मियों के साथ-साथ चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भी शामिल हैं, ताकि हर स्तर पर कार्यरत कर्मचारियों को इसका लाभ मिल सके।
भाषा बाकोलिया खारी
खारी