ट्रक और ई-रिक्शा की टक्कर में एक की मौत, एक जख्मी

ट्रक और ई-रिक्शा की टक्कर में एक की मौत, एक जख्मी

ट्रक और ई-रिक्शा की टक्कर में एक की मौत, एक जख्मी
Modified Date: July 31, 2026 / 08:01 pm IST
Published Date: July 31, 2026 8:01 pm IST

नयी दिल्ली, 31 जुलाई (भाषा) उत्तर पश्चिमी दिल्ली में आजादपुर मंडी के पास शुक्रवार को एक ट्रक और ई-रिक्शा में टक्कर हो गई, जिसमें 40 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक ई-रिक्शा चालक घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि ट्रक चालक उत्तर प्रदेश निवासी आनंद कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया और वाहन जब्त कर लिया गया।

उन्होंने बताया कि यह दुर्घटना महेंद्र पार्क इलाके में सराय पीपल थाला में एक पेट्रोल पंप के पास हुई।

प्रारंभिक जांच के अनुसार, ट्रक आजादपुर से जीटीके रोड की ओर जा रहा था, तभी सब्जी से लदा ई-रिक्शा कथित तौर पर गलत दिशा से आ रहा था और भारी वाहन से टकरा गया।

पुलिस ने बताया कि घटना की सूचना पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) को दी गई, जिसके बाद पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची। घायल ई-रिक्शा चालक, रंजन कुमार शर्मा (40) को बाबू जगजीवन राम मेमोरियल (बीजेआरएम) अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस ने बताया कि ई-रिक्शा में सवार एक अन्य व्यक्ति सुदीप राय सड़क पर बेहोश पड़ा मिला। पुलिस ने बताया कि अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया।

अपराध टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।

पुलिस ने घायल ई-रिक्शा चालक का बयान दर्ज किया है और भारतीय न्याय संहिता के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। आगे की जांच जारी है।

भाषा नोमान दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में