बदायूं (उप्र), पांच अक्टूबर (भाषा) जनपद बदायूं के थाना दातागंज क्षेत्र में बृहस्पतिवार दोपहर को एक मोटरसाइकिल सड़क पर बैठे सांड़ से टकरा गई जिससे उसपर सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया।
दातागंज कोतवाली प्रभारी सौरभ सिंह के अनुसार दातागंज थाना क्षेत्र के गांव गदरोली निवासी हरपाल अपने मौसेरे भाई जितेंद्र के साथ बृहस्पतिवार दोपहर को अपनी ननिहाल फरीदपुर से लौट रहा था।
उन्होंने कहा कि जैसे ही वह दातागंज थाना क्षेत्र के गांव बेलाडांडी के पास पहुंचा उसकी मोटरसाइकिल बीच रोड पर बैठे सांड़ से टकरा गई।
इस दुर्घटना में घायल हरपाल (45) की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई जबकि मोटरसाइकिल पर बैठे जितेंद्र की हालत गंभीर बनी है।
घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।
भाषा सं जफर
संतोष
संतोष