ऋषिकेश में गंगा नदी में एक व्यक्ति डूबा, एक अन्य लापता
ऋषिकेश में गंगा नदी में एक व्यक्ति डूबा, एक अन्य लापता
देहरादून, 16 मई (भाषा) उत्तराखंड में ऋषिकेश और उसके आसपास शनिवार को दो घटनाओं में गंगा नदी में नहाते समय दिल्ली के एक व्यक्ति की डूबकर मौत हो गयी जबकि राजस्थान का एक अन्य लापता हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी ।
राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) ने बताया कि ऋषिकेश में साईं घाट में शाम साढ़े पांच बजे गंगा में स्नान करते समय एक व्यक्ति का संतुलन बिगड़ गया और वह नदी के तेज बहाव में डूब गया।
एसडीआरएफ ने बताया कि गोताखोरों की मदद से नदी में खोज अभियान चलाया गया जिसमें लगभग 15 से 20 फीट गहराई में इस व्यक्ति का शव मिला। उसकी पहचान दिल्ली के मालवीय नगर के सोनू वर्मा (30) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, वर्मा एक बस परिचालक था जो पलवल से यात्रियों को लेकर ऋषिकेश आया था । बस को पार्किंग में खड़ा करवाने के बाद चालक के साथ वह गंगा स्नान के लिए गया था ।
एक अन्य घटना ऋषिकेश के निकट शिवपुरी क्षेत्र में हुई जहां अपने दोस्तों के साथ घूमने आया एक युवक गंगा नदी के तेज बहाव में लापता हो गया ।
एसडीआरएफ ने बताया कि दोपहर में नमामि गंगे घाट से लगभग 200 मीटर की दूरी पर राजस्थान का वेद प्रकाश (24) अपने पांच दोस्तों के साथ गंगा नदी में नहा रहा था, इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह तेज बहाव में आकर लापता हो गया ।
एसडीआरएफ के मुताबिक, गंगा की चुनौतीपूर्ण जलधारा एवं सीमित दृश्यता के बावजूद गोताखोरों की सहायता से पूरी तकनीकी दक्षता के साथ सभी संभावित स्थानों पर लापता युवक की तलाश की जा रही है।
एसडीआरएफ ने बताया कि अभी वेद प्रकाश का कुछ पता नहीं चला है और रविवार को पुन: तलाश अभियान चलाया जाएगा ।
एसडीआरएफ के सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने पर्यटकों से वर्तमाान में गंगा नदी के जलस्तर और तेज बहाव को देखते हुए अनजान एवं गहरे स्थानों पर स्नान करने से बचने अपील की है ।
भाषा दीप्ति राजकुमार
राजकुमार

Facebook


