श्रीनगर, एक अप्रैल (भाषा) जम्मू कश्मीर के गांदरबल जिले में बुधवार रात में हुई मुठभेड़ में एक स्थानीय आतंकवादी मारा गया। सेना ने बुधवार को यह जानकारी दी।
सुरक्षा बलों ने गांदरबल जिले के अरहामा इलाके में संदिग्ध गतिविधि की सूचना के आधार पर मंगलवार रात घेराबंदी करके एक तलाश अभियान शुरू किया।
श्रीनगर स्थित चिनार कोर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘विशेष खुफिया जानकारी के आधार पर गांदरबल के अरहामा क्षेत्र में सेना और जम्मू कश्मीर पुलिस द्वारा संयुक्त तलाश अभियान शुरू किया गया।’’
सेना ने कहा, ‘‘तलाश के दौरान सतर्क जवानों ने संदिग्ध गतिविधि देखी। चुनौती दिये जाने पर आतंकवादियों ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद हमारे सैन्य बलों ने भी जवाबी कार्रवाई की।’’
सेना ने बताया कि सैनिकों ने सुनियोजित जवाबी कार्रवाई करते हुए एक आतंकवादी को मार गिराया।
मारे गए आतंकवादी की पहचान राशिद अहमद मुगल (28) के रूप में हुई है, जो गांदरबल जिले के लार क्षेत्र का निवासी था। यहां पुलिस नियंत्रण कक्ष में आतंकवादी की पहचान उसके बड़े भाई ने की।
भाषा यासिर अमित
अमित