‘जेन जी’ ही प्रधानमंत्री मोदी का अहंकार तोड़ेगा: राहुल

‘जेन जी’ ही प्रधानमंत्री मोदी का अहंकार तोड़ेगा: राहुल

‘जेन जी’ ही प्रधानमंत्री मोदी का अहंकार तोड़ेगा: राहुल
Modified Date: May 25, 2026 / 04:54 pm IST
Published Date: May 25, 2026 4:54 pm IST

नयी दिल्ली, 25 मई (भाषा) कांग्रेस ने सीबीएसई की 12वीं कक्षा की ‘ऑन-स्क्रीन मार्किंग’ (ओएसएम) प्रणाली से जुड़े मामले को लेकर सोमवार को दावा किया कि सरकार सवाल पूछने वाले युवाओं को डराती और बदनाम करती है, लेकिन ये युवा और ‘जेन जी’ ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का अहंकार तोड़ेंगे।

उन्होंने यह भी कहा कि ‘ऑन-लाइन मार्किंग (ओएसएम) प्रणाली के तहत ग़लत मूल्यांकन और जांच की गड़बड़ी की शिकायतें अनसुनी पड़ी हैं और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान अपनी कुर्सी से चिपके हुए हैं।

कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा में ‘ऑन-स्क्रीन मार्किंग’ मूल्यांकन की एक डिजिटल प्रणाली है। इसमें छात्रों की उत्तर पुस्तिकाओं को स्कैन करके डिजिटल स्वरूप में कंप्यूटर स्क्रीन पर जांचा जाता है।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘मोदी-प्रधान की जोड़ी ने एक और संस्था को धांधली का प्रतीक बना दिया। दशकों में पहली बार सीबीएसई बोर्ड परीक्षा पर इतने गंभीर सवाल उठे हैं। 18.5 लाख बच्चों ने परीक्षा दी और एक हफ़्ते से ओएसएम ग़लत मार्किंग और जांच की गड़बड़ी की शिकायतें अनसुनी पड़ी हैं और शिक्षा मंत्री अपनी कुर्सी से चिपके हुए हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘17 साल का एक बच्चा, जिसकी कॉपी ग़लत जांची गई, न्याय की उम्मीद में सोशल मीडिया पर आया। मगर, उसे मदद नहीं, गालियां मिलीं, भाजपा के आईटी प्रकोष्ठ ने उसे ‘राष्ट्र विरोधी’ कहा, सोरोस का एजेंट कहा, ‘डीप स्टेट’ का हिस्सा कहा। जब 17 साल का बच्चा अपने भविष्य के लिए आवाज़ उठाता है, तो भाजपा उसे देशद्रोही बना देती है।’’

राहुल गांधी ने दावा किया कि सच यह है कि मोदी सरकार युवाओं और ‘जेन जी’ से डरती है, क्योंकि वो अब सवाल पूछ रहे हैं और सवाल पूछने वाले को यह सरकार बदनाम करती है, डराती है, कुचलती है।

उन्होंने कहा, ‘‘सुन लीजिए, मोदी जी, यही युवा, यही जेन जी आपका अहंकार तोड़ेगा।’’

भाषा हक हक दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में