अयोध्या मंदिर दान प्रकरण में केवल छोटे-मोटे लोगों को गिरफ्तार किया गया है: अरविंद केजरीवाल

अयोध्या मंदिर दान प्रकरण में केवल छोटे-मोटे लोगों को गिरफ्तार किया गया है: अरविंद केजरीवाल

अयोध्या मंदिर दान प्रकरण में केवल छोटे-मोटे लोगों को गिरफ्तार किया गया है: अरविंद केजरीवाल
Modified Date: June 28, 2026 / 08:52 pm IST
Published Date: June 28, 2026 8:52 pm IST

चंडीगढ़, 28 जून (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अयोध्या के राम मंदिर में चंदे में कथित हेराफेरी की पुलिस जांच पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि इस मामले में सिर्फ़ छोटे-मोटे लोगों को ही गिरफ़्तार किया गया है जबकि गंभीर आरोपों का सामना कर रहे मुख्य लोग आज़ाद घूम रहे हैं।

उन्होंने कहा कि 200 करोड़ रुपये की ‘चोरी’ के आरोपों के बावजूद अब तक सिर्फ 80 लाख रुपये ही बरामद हो पाए हैं।

आप संयोजक ने कहा, ‘‘राम मंदिर मामले में सभी आरोपियों को गिरफ़्तार नहीं किया गया है। सिर्फ़ छोटे-मोटे लोगों को पकड़ा गया है। जिन बड़े लोगों पर सबसे गंभीर आरोप लगे हैं, वे अब भी आज़ाद घूम रहे हैं।’’

केजरीवाल ने अमृतसर में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ पत्रकारों से बात करते हुए कहा,‘‘उन्होंने नकद गिनने वाले या चौकीदार जैसे किसी व्यक्ति को पकड़ा है। गिरफ्तार किए गए सभी आठ लोग निचले स्तर पर काम करते हैं।’’

मान ने पंजाब के विधायकों और मंत्रियों के अकाल तख्त के सामने पेश होने (जिन्हें बेअदबी-रोधी कानून के सिलसिले में 29 जून को बुलाया गया था) और वीडियो विवाद से जुड़े सवालों पर बात की जबकि केजरीवाल ने राम मंदिर चंदे की जांच का मुद्दा उठाया और अमृतसर में भगवान वाल्मीकि मंदिर के पास लव-कुश और माता जानकी मंदिर के निर्माण की घोषणा की।

पुलिस की जांच पर सवाल उठाते हुए आप प्रमुख ने दावा किया कि अयोध्या पुलिस ने गिरफ्तार लोगों की हिरासत नहीं मांगी और न ही उनसे पूछताछ की।

उन्होंने कहा, ‘‘पुलिस को उनसे पूछताछ करनी चाहिए था कि उन्होंने कितना पैसा चुराया, पैसा किसे दिया और उसे कहां छिपाया। लेकिन पुलिस ने कोई पूछताछ नहीं की, उनकी हिरासत नहीं मांगी और उन्हें (आरोपियों को) न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इससे साफ पता चलता है कि उन्हें कुछ ही दिनों में ज़मानत मिल जाएगी।’’

इस पूरी कार्रवाई को ‘सिर्फ़ मामले को दबाने की कोशिश’ करार देते हुए केजरीवाल ने कहा कि ऐसा लगता है कि चोरी बहुत बड़े पैमाने पर हुई है।

केजरीवाल ने कहा कि पंजाब सरकार ने अमृतसर में भगवान वाल्मीकि मंदिर के पास लव-कुश और माता जानकी को समर्पित एक भव्य मंदिर बनाने का सैद्धांतिक फ़ैसला किया है।

उन्होंने कहा कि रामायण में अमृतसर का बहुत महत्व है, क्योंकि यह लव-कुश की जन्मस्थली है और यहीं पर उन्होंने भगवान राम के अश्वमेध यज्ञ के घोड़े को रोका था, इसलिए यह भव्य मंदिर के लिए सबसे उपयुक्त जगह है।

भाषा

राजकुमार नरेश

नरेश


लेखक के बारे में