नयी दिल्ली, एक अप्रैल (भाषा) दिल्ली पुलिस ने ‘ऑपरेशन कवच 13.0’ के तहत 48 घंटे के अभियान में मादक पदार्थों से जुड़े 229 मामलों में 267 अपराधियों को गिरफ्तार किया है और बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित पदार्थ जब्त किए हैं। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
सभी 15 पुलिस जिलों में 29 से 31 मार्च के बीच चलाए गए इस अभियान के तहत जिला इकाइयों, अपराध शाखा और विशेष प्रकोष्ठ के 1,000 से अधिक पुलिस कर्मियों ने 3,211 स्थानों पर एक साथ छापेमारी की। पुलिस ने यह अभियान ‘ऑपेशन कवच 13.0’ के तहत चलाया।
पुलिस ने बताया कि इस दौरान मादक पदार्थों के तस्करों, आपूर्तिकर्ताओं और संगठित आपराधिक गिरोह को निशाना बनाया गया।
अभियान के दौरान, स्वापक औषधि और मनःप्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के मामलों में 267 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान भारी मात्रा में नशीले पदार्थ जब्त किए गए, जिनमें 100 किलोग्राम गांजा, 1.170 किलोग्राम कोकीन, 260.65 ग्राम हेरोइन, 179.11 ग्राम एमडीएमए, 57 ग्राम एम्फ़ैटेमिन, ब्यूप्रेनोरफिन की 2,000 से अधिक गोलियां और 183 इंजेक्शन शामिल हैं।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, “दिल्ली आबकारी अधिनियम के तहत 416 से अधिक मामले दर्ज किए गए और 429 लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बड़ी मात्रा में अवैध शराब और 200 ई-सिगरेट बरामद कीं। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने के आरोप में 2,993 लोगों पर मामला दर्ज किया गया।”
शस्त्र कानून के तहत 254 मामलों में 259 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से 19 पिस्तौल, 42 देसी तमंचे, 79 कारतूस और 191 चाकू बरामद किए गए। पुलिस ने जुए की गतिविधियों के खिलाफ भी कार्रवाई तेज की और 296 मामलों में 528 लोगों को गिरफ्तार कर 10.28 लाख रुपये से अधिक की नकदी बरामद की।
अधिकारी ने कहा, “इनके अलावा, 59 भगोड़े अपराधियों और 42 वाहन चोरों को गिरफ्तार किया गया। अभियान के दौरान चोरी के 73 वाहन बरामद किए गए। दिल्ली पुलिस अधिनियम के प्रावधानों के तहत 3,545 वाहन जब्त किए गए।”
उन्होंने कहा कि निवारक कार्रवाई इस अभियान का एक प्रमुख हिस्सा रही और संभावित अपराधों को रोकने के लिए लगभग 1,374 लोगों को गिरफ्तार किया गया।। अधिकारी के मुताबिक, इसके अलावा, 5,359 लोगों को निवारक अभिरक्षा में लिया गया, जबकि दिल्ली पुलिस अधिनियम की धारा 65 के तहत 41,394 लोगों को हिरासत में लिया गया।
पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बीएनएसएस और दिल्ली पुलिस अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों के तहत भी कार्रवाई शुरू की, जबकि 5,691 हिस्ट्रीशीटरों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए उनकी जांच की गई।
इसके अलावा, सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (कोटपा) के तहत 7,971 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने अपराध के 134‘हॉटस्पॉट’ की पहचान की और इन क्षेत्रों में लक्षित कार्रवाई की।
घेराबंदी और तलाशी अभियान के तहत पार्कों, सार्वजनिक स्थानों और शौचालयों सहित 760 स्थानों को कवर किया गया, जिससे 843 लोगों के खिलाफ कार्रवाई हुई।
अधिकारी ने बताया, “मादक पदार्थों के संबंध में पूर्व में दर्ज मामलों के आरोपियों के सत्यापन अभियान के दौरान 4,219 लोगों की जांच की गई। इनमें से 1,494 मौजूद पाए गए, 352 पहले से ही न्यायिक हिरासत में थे और 14 फरार पाए गए। अभियान में विदेशी नागरिकों की भी जांच शामिल थी, जिसमें 72 लोगों की जांच की गई और एक व्यक्ति को निर्वासित किया गया।”
उन्होंने बताया, “एक मामले में, महरौली में नाइजीरियाई नागरिक के पास से एक किलोग्राम से अधिक कोकीन मिली जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। एक अन्य मामले में, नरेला में दो व्यक्तियों के पास से हेरोइन मिली जिसके बाद उन्हें पकड़ लिया गया। अलग-अलग छापेमारी में मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया गया।”
भाषा नोमान नोमान रंजन
रंजन