ऑपरेशन सिंदूर के अच्छे परिणाम मिले, लेकिन युद्ध समाधान नहीं देता: फारूक अब्दुल्ला

Ads

ऑपरेशन सिंदूर के अच्छे परिणाम मिले, लेकिन युद्ध समाधान नहीं देता: फारूक अब्दुल्ला

  •  
  • Publish Date - May 6, 2026 / 01:40 PM IST,
    Updated On - May 6, 2026 / 01:40 PM IST

श्रीनगर, छह मई (भाषा) नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने बुधवार को कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के नतीजे अच्छे रहे हैं, लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि ‘‘युद्धों से कोई हल नहीं निकलता, सिर्फ़ तकलीफ़ें मिलती हैं।’’

अब्दुल्ला ने यहां पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों से कहा, ‘‘(ऑपरेशन) सिंदूर के नतीजे अच्छे रहे हैं। मुझे लगता है कि अब युद्धों का कोई सवाल ही नहीं है। युद्धों से कोई हल नहीं निकलता, वे सिर्फ़ तकलीफ़ें लाते हैं। यूक्रेन और वहां हुई तबाही को देखिए, पश्चिम एशिया को देखिए। यहां गैस (आपूर्ति) की स्थिति को देखिए। कतर को गैस की आपूर्ति बहाल करने में एक या दो साल लगेंगे।’’

खाड़ी क्षेत्र की स्थिति के बारे में एक और सवाल के जवाब में, पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया युद्ध के लिए तैयार नहीं है, क्योंकि मौजूदा आर्थिक हालात खराब हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘घबराइए मत, दुनिया युद्ध के लिए तैयार नहीं है। हर देश की आर्थिक स्थिति पहले से ही खराब है, और कोई भी देश युद्ध नहीं चाहता। पश्चिम एशिया में ज़्यादातर तेल और गैस है, और अगर दबाव बना रहा, तो दुनिया की स्थिति इतनी खराब हो जाएगी कि ज़िंदा रहना मुश्किल हो जाएगा।’’

हाल में हुए विधानसभा चुनावों के नतीजों के बारे में पूछे जाने पर, नेशनल कॉन्फ्रेंस अध्यक्ष ने कहा कि वह नतीजों को बाकी सभी लोगों की तरह ही देखते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं कैसे देखूंगा? मैं इसे वैसे ही देख रहा हूं जैसे आप देख रहे हैं। नतीजे आ गए हैं, ममता (बनर्जी) नतीजों को स्वीकार नहीं कर रही हैं; उनका कहना है कि बड़े पैमाने पर धांधली हुई है। बंगाल में यही स्थिति है। तमिलनाडु में नई सरकार बन रही है। केरल में कांग्रेस जीती, असम में भाजपा जीती। और क्या है?’’

जब अब्दुल्ला से पूछा गया कि क्या उन्हें चुनावों में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का कोई असर दिखा, तो उन्होंने कहा, ‘‘हर चीज़ का असर था।’’

उन्होंने यह भी कहा कि विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन पहले से ही मज़बूत है और उसमें किसी चीज़ की कमी नहीं है।

पंजाब में हुए विस्फोटों के बारे में एक सवाल के जवाब में, पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत में धमाके होते रहे हैं, और इसमें कुछ भी नया नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘आपको घबराना नहीं चाहिए।’’

जम्मू कश्मीर में नेशनल कॉन्फ्रेंस की सरकार को निशाना बनाने पर विपक्ष को घेरते हुए अब्दुल्ला ने कहा कि यह अच्छी बात है कि विपक्ष अपना काम कर रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘अगर वे ऐसा नहीं करेंगे, तो वे कैसे टिक पाएंगे? उन्हें जो कहना है, कहने दीजिए। हमारी पार्टी वैसे ही काम कर रही है जैसे उसे करना चाहिए, और हम ऐसा करते रहेंगे।’’

भाषा वैभव मनीषा

मनीषा