जयपुर, 22 सितंबर (भाषा) जयपुर के दौलतपुरा थाना क्षेत्र में पत्थर की खदान में खुदाई करने वाली मशीन के फिसलकर गिर जाने से उसके 30 वर्षीय ऑपरेटर की मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार घटना सोमवार शाम खोराश्यामदास में हुई। पुलिस के अनुसार, खदान में काम चल रहा था, तभी मशीन अचानक फिसलकर गड्ढे में गिर गई। मशीन ऑपरेटर चेतलाल पंडित भी उसके साथ नीचे गिर गया और हादसे में उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार पंडित झारखंड के हजारीबाग जिले का रहने वाला था और पिछले करीब आठ से 10 वर्षों से ऐसी मशीन चलाने का काम कर रहा था।
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कांवटिया अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाया। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। मामले की जांच की जा रही है।
भाषा बाकोलिया आशीष
आशीष