नोएडा, 22 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले में मंगलवार सुबह हुए एक सड़क हादसे में 35 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान परविंदर चौधरी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से मुरादाबाद का निवासी था और ग्रेटर नोएडा के बीटा-1 सेक्टर में रहता था। परविंदर एडवांट बिल्डिंग के पास स्थित एक सॉफ्टवेयर कंपनी में इंजीनियर के रूप में काम करता था।
नोएडा सेक्टर-142 थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे परविंदर बाइक से नोएडा एक्सप्रेसवे के रास्ते बीटा-1 सेक्टर स्थित अपने घर जा रहा था, तभी सेक्टर-144 मेट्रो स्टेशन के पास एक अज्ञात वाहन चालक ने कथित तौर पर तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसे टक्कर मार दी।
सिंह के मुताबिक, हादसे में परविंदर की मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, मृतक के भाई अरविंद की शिकायत पर मामला दर्ज कर घटना की जांच की जा रही है। उसने बताया कि हादसे में शामिल अज्ञात वाहन चालक की तलाश जारी है।
भाषा सं मनीषा तान्या पारुल
पारुल