रांची, 26 जून (भाषा) झारखंड के रांची जिले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 60 लाख रुपये मूल्य की अफीम बरामद की है।
पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि दोनों आरोपियों को बृहस्पतिवार को ओरमांझी थाना क्षेत्र में रांची-रामगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग-20 पर स्थित भेरा पुल के पास वाहनों की तलाशी लेने के दौरान गिरफ्तार किया गया।
रांची (ग्रामीण) के पुलिस अधीक्षक (एसपी) गौरव गोस्वामी ने बताया, ‘‘हमें सूचना मिली थी कि कुछ लोग कार से रांची के बुंडू क्षेत्र से हजारीबाग जिले की ओर मादक पदार्थ खरीदने या बेचने के लिए जा रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने भेरा पुल के पास वाहन की तलाशी का अभियान चलाया और संदिग्ध कार को रोका। तलाशी लेने पर कार से पांच पैकेट में 12 किलोग्राम अफीम बरामद हुई।’’
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कार और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
एसपी ने बताया कि बरामद अफीम की कीमत करीब 60 लाख रुपये आंकी गई है।
उन्होंने कहा कि इस संबंध में ओरमांझी थाने में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ स्वापक औषधि एवं मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के गया निवासी रॉबिन राज तथा रांची जिले के हेसापीढ़ी निवासी सुखलाल मुंडा के रूप में हुई है।
भाषा गोला वैभव
वैभव