नयी दिल्ली, 26 जून (भाषा) टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स लिमिटेड (टीएमपीवी) और टाटा पैसेंजर इलेक्ट्रिक मोबिलिटी लिमिटेड (टीपीईएम) ने अपने अधिकृत डीलर को ‘इन्वेंटरी’ वित्त पोषण समाधान उपलब्ध कराने हेतु यूको बैंक के साथ साझेदारी की शुक्रवार को घोषणा की।
‘इन्वेंटरी’ वित्त एक अल्पकालिक ऋण सुविधा है। इसमें व्यवसायी अपने खरीदे हुए या बेचे जाने वाले माल (स्टॉक) को गिरवी रखकर कार्यशील पूंजी के लिए बैंक या अन्य वित्तीय संस्थान से ऋण लेते हैं।
टीएमपीवी ने बयान में कहा कि दोनों कंपनियों ने इस साझेदारी के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इससे डीलरों को अपनी कार्यशील पूंजी की जरूरतों का अधिक प्रभावी ढंग से प्रबंधन करने में मदद मिलेगी।
टीएमपीवी के मुख्य वित्तीय अधिकारी धीमन गुप्ता ने कहा, ‘‘ हम परिवहन के भविष्य को नई दिशा देने के लिए काम कर रहे हैं। ऐसे में हमें यूको बैंक के साथ साझेदारी कर खुशी हो रही है, ताकि हमारे अधिकृत डीलर साझेदारों को हमारी इलेक्ट्रिक और इंटरनल कंबशन (आईसीई) दोनों तरह की गाड़ियों के लिए विशेष ‘इन्वेंटरी’ वित्त पोषण कार्यक्रम उपलब्ध कराया जा सके।’’
इस साझेदारी पर यूको बैंक के महाप्रबंधक शशि कांत कुमार ने कहा कि मोटर वाहन मूल्य श्रृंखला में डीलरों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है और उनके टिकाऊ कारोबार तथा परिचालन दक्षता के लिए समय पर कार्यशील पूंजी उपलब्ध होना आवश्यक है।
भाषा निहारिका
निहारिका