लोकसभा अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने पर विचार कर रहा विपक्ष

Ads

लोकसभा अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने पर विचार कर रहा विपक्ष

  •  
  • Publish Date - February 9, 2026 / 01:35 PM IST,
    Updated On - February 9, 2026 / 01:35 PM IST

नयी दिल्ली, नौ फरवरी (भाषा) विपक्ष लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पद से हटाने के लिए एक प्रस्ताव लाने पर विचार कर रहा है। सूत्रों ने यह जानकारी दी।

सूत्रों ने बताया कि सदन में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को बोलने की इजाजत नहीं देने के लिए संविधान के अनुच्छेद 94-सी के तहत यह प्रस्ताव लाया जा सकता है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद निशिकांत दुबे की सदन में की गई टिप्पणियों के खिलाफ उन पर कार्रवाई शुरू नहीं करने और कांग्रेस की महिला सांसदों पर बिना साक्ष्यों के आरोप लगाने के मामले में भी अध्यक्ष के खिलाफ प्रस्ताव के लिए नोटिस देने पर विचार किया जा रहा है।

सूत्रों ने कहा कि इस संबंध में जल्द ही लोकसभा में एक वैधानिक प्रस्ताव लाया जा सकता है।

प्रस्ताव लाने के लिए लोकसभा के 100 सदस्यों के हस्ताक्षर की जरूरत होगी और सूत्रों के अनुसार विभिन्न विपक्षी सांसदों के हस्ताक्षर लेने की प्रक्रिया चल रही है।

सूत्रों ने बताया कि आज सुबह संसद परिसर में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के चैंबर में हुई विपक्षी नेताओं की बैठक में अविश्वास प्रस्ताव लाने पर विचार किया गया।

इस बैठक में तृणमूल कांग्रेस, वाम दल, द्रमुक, समाजवादी पार्टी, राष्ट्रीय जनता दल, शिवसेना (उबाठा) और राकांपा (शप) सहित अन्य पार्टियों के नेताओं ने भी हिस्सा लिया।

भाषा वैभव माधव

माधव