पणजी, छह मई (भाषा) गोवा फॉरवर्ड पार्टी (जीएफपी) के अध्यक्ष विजय सरदेसाई ने दावा किया है कि राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के खिलाफ जनता में गहरी नाराजगी पनप रही है और 2027 के विधानसभा चुनावों में उसे हराने के लिए विपक्षी दलों को एकजुट होना होगा।
सरदेसाई ने मंगलवार को मडगांव में संवाददाताओं से कहा, ‘‘तमिलनाडु में सत्ता विरोधी लहर ने द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (द्रमुक) को सत्ता से बाहर कर दिया। गोवा में भाजपा सरकार के खिलाफ भी ऐसी ही भावना जोर पकड़ रही है। इसका फायदा उठाने के लिए विपक्षी दलों का एकजुट होना जरूरी है।’’
हाल में संपन्न तमिलनाडु विधानसभा चुनावों में विजय की तमिलगा वेत्री कड़गम (टीवीके) 108 सीट जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी, जबकि एमके स्टालिन की द्रमुक को महज 59 सीट से संतोष करना पड़ा।
गोवा में 2022 के विधानसभा चुनावों में जीएफपी ने कांग्रेस के साथ गठबंधन में चार सीट पर चुनाव लड़ा था, जिसमें केवल एक सीट मिली।
सरदेसाई अपनी परंपरागत फातोर्डा सीट से जीते थे, जबकि कांग्रेस ने 11 सीटें हासिल की थीं।
सरदेसाई ने यह भी कहा कि उनकी पार्टी ने 2027 के चुनावों से पहले जमीनी स्तर पर अपनी ताकत और कमजोरियों का आकलन करने के लिए एक पेशेवर एजेंसी की मदद लेने का फैसला किया है जो वैज्ञानिक व विस्तृत सर्वेक्षण करेगी तथा उसके निष्कर्षों के आधार पर पार्टी भविष्य की रणनीति तय करेगी।
भाषा खारी वैभव
वैभव