बाढ़ पर सियासत कर रहा विपक्ष, राहत व्यवस्था पर उठे आरोप बेबुनियाद: केरल के स्वास्थ्य मंत्री
बाढ़ पर सियासत कर रहा विपक्ष, राहत व्यवस्था पर उठे आरोप बेबुनियाद: केरल के स्वास्थ्य मंत्री
तिरुवनंतपुरम, तीन अगस्त (भाषा) केरल के स्वास्थ्य मंत्री के. मुरलीधरन ने सोमवार को विपक्ष पर आरोप लगाया कि वे बाढ़ की मौजूदा स्थिति में सरकार पर आरोप लगाकर राजनीतिक फ़ायदा उठाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि राहत और बीमारी से बचाव के उपाय प्रभावी ढंग से किए जा रहे हैं।
मंत्री ने संवाददाताओं से कहा कि स्वास्थ्य विभाग राहत शिविरों और प्रभावित इलाकों में बीमारियों को फैलने से रोकने के लिए उपाय कर रहा है।
राहत शिविरों में दवाओं की कमी के आरोपों को खारिज करते हुए मुरलीधरन ने कहा कि सरकार को ऐसी कोई शिकायत नहीं मिली है।
उन्होंने कहा, ‘दवाइयां मौजूद हैं। किसी भी शिविर में दवाओं की कमी की खबर नहीं मिली है। जहां भी जरूरत थी, वहां दवाइयां पहुंचा दी गई हैं और अभी जिन दवाइयों की ज़रूरत है, उनका पर्याप्त भंडार मौजूद है।’
मंत्री ने कहा कि सरकार ने दवा कंपनियों का बकाया काफी हद तक चुका दिया है।
करुण्या योजना के तहत दवाइयों की उपलब्धता को लेकर मिली शिकायतों का ज़िक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यह समस्या सिर्फ़ एक फार्मेसी तक सीमित थी और जरूरी दवाइयां वहां मंगलवार तक पहुंच जाएंगी।
बाढ़ की स्थिति के दौरान मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन के एक भोज कार्यक्रम में शामिल होने पर हो रही आलोचना का जवाब देते हुए मुरलीधरन ने कहा कि विपक्ष बेवजह विवाद खड़ा किया जा रहा है।
उन्होंने कहा, ‘क्या कोई दोपहर में भोजन नहीं करेगा? वह ऐसी जगह गए थे जहां भोजन का इंतजाम किया गया था। भोजन करने को बड़ी गलती बताना यह दिखाता है कि आलोचना करने के लिए कोई असली मुद्दा नहीं है। आपदा के समय भी राजनीतिक फ़ायदा उठाने की कोशिश करना बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है।’
मुरलीधरन ने 2018 की बाढ़ से तुलना करते हुए कहा कि उस समय विपक्ष ने विधानसभा में सरकार के काम-काज में कमियों की आलोचना तो की थी, लेकिन कभी यह सवाल नहीं उठाया कि तत्कालीन मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने खाना कहां खाया था।
उन्होंने मुख्यमंत्री के हेलिकॉप्टर इस्तेमाल का भी बचाव करते हुए कहा कि सरकारी कामों के लिए ज़रूरत पड़ने पर इसका इस्तेमाल किया जा सकता है।
उन्होंने कहा, ‘ज़रूरी कामों के लिए हेलिकॉप्टर का इस्तेमाल करना बिल्कुल भी गलत नहीं है।’
मुख्यमंत्री पर निजी कामों के लिए हेलिकॉप्टर इस्तेमाल करने के आरोपों का जवाब देते हुए मुरलीधरन ने कहा कि मुख्यमंत्री कार्यालय ने साफ किया है कि सतीशन ने एक सरकारी कार्यक्रम के लिए यात्रा के दौरान अपने गंभीर रूप से बीमार ससुर से मुलाकात की थी।
मंत्री ने कहा, ‘सरकारी दौरे के दौरान गंभीर रूप से बीमार ससुर से मिलने जाना एक सामान्य शिष्टाचार है। वरना, आप उन पर उनसे नहीं मिलने के लिए आलोचना करते।’
मुरलीधरन ने फिर कहा कि सरकार का ध्यान आपदा प्रबंधन, जन स्वास्थ्य और राहत कार्यों पर है और उन्होंने राजनीतिक दलों से अपील की कि वे राजनीतिक फायदे के लिए इस स्थिति का इस्तेमाल न करें।
भाषा
राखी नरेश
नरेश

Facebook


