संसद की मर्यादाओं को तार-तार कर रहा है विपक्ष : रास में सदन के नेता जेपी नड्डा

Ads

संसद की मर्यादाओं को तार-तार कर रहा है विपक्ष : रास में सदन के नेता जेपी नड्डा

  •  
  • Publish Date - July 22, 2026 / 03:03 PM IST,
    Updated On - July 22, 2026 / 03:03 PM IST

( तस्वीरों सहित )

नयी दिल्ली, 22 जुलाई (भाषा) मानसून सत्र शुरू होने के बाद नीट प्रश्न पत्र लीक मामले में छात्रों के आंदोलन को लेकर विपक्ष के हंगामे के कारण संसद में जारी गतिरोध के बीच राज्यसभा में बुधवार को सदन के नेता जेपी नड्डा ने विपक्ष पर संसद की मर्यादाओं को तार-तार करके प्रजातांत्रिक मूल्यों का हनन करने का आरोप लगाया।

नड्डा ने कहा विपक्ष की ओर इंगित करते हुए कहा, ‘‘ये जो इंडी गठबंधन है, उसका व्यवहार बहुत गैर जिम्मेदाराना है। यह प्रजातांत्रिक विरोधी गतिविधि साफ-साफ संसद में दिख रही है। ये (विपक्ष) संसद की मर्यादाओं को तार-तार करके प्रजातांत्रिक मूल्यों का हनन कर रहे हैं।’’

उन्होंने कहा कि संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू सदन में यह स्पष्ट तौर पर कह चुके हैं कि सरकार नीट परीक्षा और उससे संबंधित विषयों सहित हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है।

नड्डा के वक्तव्य से पहले रीजीजू ने उच्च सदन में सरकार की तरफ से कहा था कि वह नीट सहित हर मुद्दे पर चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है।

सदन के नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में चलने वाली सरकार एक पारदर्शी और लोगों के हित में फैसले करने वाली सरकार है।

उन्होंने कहा कि विपक्ष की जो जन विरोधी गतिविधियां चल रही हैं वे उसकी तीव्र भर्त्सना करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष का प्रजातांत्रिक व्यवस्था और उसके मूल्यों में कोई विश्वास नहीं है।

भाषा माधव मनीषा

मनीषा