चंडीगढ़, 24 मार्च (भाषा) पंजाब के पूर्व मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर पर उत्पीड़न का आरोप लगाने के बाद आत्महत्या करने वाले राज्य ‘वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन’ के अधिकारी का मंगलवार को अमृतसर में अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान राज्य के शीर्ष विपक्षी नेता भी मौजूद थे।
इससे पहले, दिन में गगनदीप सिंह रंधावा का पोस्टमॉर्टम अमृतसर के सरकारी मेडिकल कॉलेज में कार्यपालक मजिस्ट्रेट की निगरानी में चिकित्सकों के एक बोर्ड द्वारा किया गया।
रंधावा के परिजनों ने भुल्लर की गिरफ्तारी तक अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया था।
पूर्व मंत्री भुल्लर के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है और उन्हें विपक्षी नेताओं के विरोध-प्रदर्शन के बीच सोमवार को गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि रंधावा के परिवार की सहमति के बाद मंगलवार को पोस्टमॉर्टम किया गया।
अमृतसर में पंजाब राज्य वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन के जिला प्रबंधक रंधावा ने शनिवार तड़के जहर खाकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी। एक वीडियो भी सामने आया, जिसमें उन्होंने कथित रूप से भुल्लर पर उत्पीड़न का आरोप लगाया था। इसके बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान के निर्देश पर भुल्लर ने उसी दिन मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था।
दिन में पोस्टमॉर्टम के बाद, रंधावा के पार्थिव शरीर को अमृतसर स्थित उनके आवास पर ले जाया गया, जहां शोक संतप्त लोग अंतिम श्रद्धांजलि देने के लिए एकत्रित हुए।
रंधावा की दो बेटियों और एक बेटे ने चिता को अग्नि दी।
अंतिम संस्कार में शामिल होने वालों में भाजपा की पंजाब इकाई के अध्यक्ष सुनील जाखड़, विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा और शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया प्रमुख थे।
अमृतसर पुलिस ने शनिवार रात भुल्लर, उनके पिता सुखदेव सिंह भुल्लर और निजी सहायक दिलबाग सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना), 351 (3) (आपराधिक धमकी) और 3 (5) (सामान्य इरादा) के तहत मामला दर्ज किया था।
मंडी गोबिंदगढ़ से भुल्लर की गिरफ्तारी के बाद, रंधावा के परिवार ने सोमवार को अधिकारी की मौत के कारणों की सीबीआई जांच की मांग की थी।
दिल्ली में, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने वादा किया कि अगर पंजाब के सभी सांसद इस मामले पर उन्हें लिखित अनुरोध देते हैं, तो वे रंधावा की आत्महत्या की सीबीआई जांच का तत्काल आदेश देंगे।
हालांकि, मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंगलवार को सीबीआई जांच की मांग को लगभग खारिज कर दिया और कहा कि राज्य पुलिस मामले की निष्पक्ष जांच करने में सक्षम है और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस में दर्ज कराई गई अपनी शिकायत में, रंधावा की पत्नी उपिंदर कौर ने दावा किया था कि उनके पति पर भुल्लर के पिता को गोदाम का टेंडर देने के लिए लगातार दबाव डाला जा रहा था और रंधावा एवं उनके परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी गई थी।
प्राथमिकी के अनुसार, रंधावा को 13 मार्च को पट्टी स्थित भुल्लर के आवास पर बुलाया गया था, जहां कथित तौर पर उनके साथ दुर्व्यवहार और मारपीट की गई थी।
भाषा
राखी दिलीप
दिलीप