अडाणी समूह के मामले पर जेपीसी की मांग के लिए विपक्ष को एक मिनट का भी समय नहीं दिया गया: कांग्रेस

Ads

अडाणी समूह के मामले पर जेपीसी की मांग के लिए विपक्ष को एक मिनट का भी समय नहीं दिया गया: कांग्रेस

  •  
  • Publish Date - February 4, 2023 / 08:56 PM IST,
    Updated On - February 4, 2023 / 08:56 PM IST

नयी दिल्ली, चार फरवरी (भाषा) कांग्रेस ने विपक्ष पर सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर के हमले को लेकर पलटवार करते हुए शनिवार को कहा कि संसद में पिछले दो दिनों से काम नहीं हुआ क्योंकि विपक्ष को ‘अडाणी महाघोटाले’ पर संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) की मांग करने के लिए एक मिनट का समय भी नहीं दिया गया।

पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने ट्वीट किया, ‘‘गोली मारो के लिए कुख्यात सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर कह रहे हैं कि विपक्ष संसद में चर्चा से भाग रहा है। ये क्या मज़ाक है!’’

उन्होंने दावा किया, ‘‘संसद में दो दिनों से काम नहीं हुआ क्योंकि विपक्ष को प्रधानमंत्री से संबंधित अडाणी महाघोटाले पर जेपीसी की मांग करने के लिए एक मिनट का समय भी लेने नहीं दिया जाता।’’

उल्लेखनीय है कि केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने विपक्षी दलों पर ‘‘जन हितैषी’’ बजट पर बहस से बचने के लिए संसद में हंगामा करने का आरोप लगाते हुए शनिवार को कहा कि अडाणी मुद्दे पर सरकार के पास छिपाने के लिए कुछ भी नहीं है।

अनुराग ठाकुर ने जम्मू में संवाददाताओं से बातचीत में आरोप लगाया कि विपक्षी दलों ने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा को रोककर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का अपमान किया है और साथ ही मांग की कि इसके लिए विपक्ष मुर्मू से माफी मांगें।

भाषा हक हक माधव

माधव