विपक्ष दलित मुख्यमंत्री का मुद्दा ध्यान भटकाने के लिए उठा रहा है : कर्नाटक के गृह मंत्री

Ads

विपक्ष दलित मुख्यमंत्री का मुद्दा ध्यान भटकाने के लिए उठा रहा है : कर्नाटक के गृह मंत्री

  •  
  • Publish Date - February 23, 2026 / 01:22 PM IST,
    Updated On - February 23, 2026 / 01:22 PM IST

बेंगलुरु, 23 फरवरी (भाषा) कर्नाटक के गृह मंत्री जी. परमेश्वर ने सोमवार को विपक्ष पर शासन से ध्यान भटकाने के लिए दलित मुख्यमंत्री के मुद्दे पर ‘अनावश्यक रूप से बहस छेड़ने’ का आरोप लगाया।

यहां संवाददाताओं से बातचीत करते हुए परमेश्वर ने कहा कि दलित मुख्यमंत्री को लेकर चल रही चर्चा को विपक्षी दलों द्वारा तूल दिया जा रहा है।

उन्होंने सवाल किया, ‘यह विपक्ष का काम है। अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए वे मुख्यमंत्री का मुद्दा उठा रहे हैं। क्या प्रशासन सुचारू रूप से नहीं चल रहा है? क्या मुख्यमंत्री शासन नहीं कर रहे हैं?’

मंत्री ने कहा कि पिछले 10-12 दिनों से सभी विभागों में बजट पर विस्तृत चर्चा हुई है और शासन सामान्य रूप से आगे बढ़ रहा है।

दलित समुदाय से आने वाले परमेश्वर ने कहा कि केवल कांग्रेस के पास ही दलित मुख्यमंत्री बनाने की राजनीतिक इच्छाशक्ति है और उसका ही ऐसा इतिहास रहा है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि इस तरह के किसी भी फैसले का समय, पार्टी के आलाकमान द्वारा तय किया जाएगा।

उन्होंने कहा, “हां, यह काम कांग्रेस पार्टी को ही करना चाहिए। और कौन करेगा?”

मुख्यमंत्री सिद्धरमैया द्वारा जनता दल सेक्युलर (जदएस) पर निशाना साधने और सामाजिक न्याय का हवाला देने वाले बयान पर परमेश्वर ने कहा कि सिद्धरमैया पहले ‘जदएस’ का हिस्सा थे और निष्कासित होने से पहले इसके अध्यक्ष के रूप में भी कार्य कर चुके हैं।

उन्होंने कहा कि उस पार्टी का आंतरिक इतिहास वही लोग सबसे बेहतर जानते हैं जो उसमें रह चुके हैं।

मुख्यमंत्री के वैचारिक रुख का बचाव करते हुए परमेश्वर ने कहा कि सिद्धरमैया की राजनीति हमेशा सामाजिक न्याय पर आधारित रही है और उनके इस रुख में कुछ भी नया या अवसरवादी नहीं है।

भाषा

प्रचेता वैभव

वैभव

ताजा खबर