जम्मू-कश्मीर में विपक्ष के धरने का मकसद लोकतंत्र बहाली की जनता की इच्छा को रेखांकित करना: कांग्रेस

Ads

जम्मू-कश्मीर में विपक्ष के धरने का मकसद लोकतंत्र बहाली की जनता की इच्छा को रेखांकित करना: कांग्रेस

  •  
  • Publish Date - October 8, 2023 / 08:24 PM IST,
    Updated On - October 8, 2023 / 08:24 PM IST

जम्मू, आठ अक्टूबर (भाषा) कांग्रेस की जम्मू-कश्मीर इकाई के अध्यक्ष विकार रसूल वानी ने रविवार को कहा कि 10 अक्टूबर को प्रस्तावित विपक्षी दलों के धरने का मकसद यह संदेश देना है कि इस केंद्र शासित प्रदेश की जनता चुनावी लोकतंत्र की बहाली चाहती है।

जम्मू में पार्टी मुख्यालय में वरिष्ठ कांग्रेस के नेताओं की एक बैठक को संबोधित करते हुए वानी ने उनसे महाराजा हरि सिंह पार्क में प्रस्तावित शांतिपूर्ण संयुक्त धरने में शामिल होने को कहा।

उन्होंने कहा, “हालांकि धरना प्रतीकात्मक है और शक्ति प्रदर्शन नहीं है, लेकिन बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन में शामिल होंगे। कुछ समय बाद, ‘इंडिया’ गठबंधन के नेतृत्व को यहां आमंत्रित किया जाएगा।”

कांग्रेस नेता ने कहा कि हाल ही में आयोजित एक बैठक के दौरान यह योजना बनाई गई थी कि विपक्षी दल धरना आयोजित कर जम्मू-कश्मीर की जनता के ‘ज्वलंत मुद्दों’ को उजागर करेंगे और लोकतंत्र की तत्काल बहाली तथा लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक अधिकारों की रक्षा का संदेश देंगे।

उन्होंने कहा, “जनता पांच साल से अधिक समय से नौकरशाही शासन के तहत पीड़ित हैं, जबकि उपराज्यपाल दावा कर रहे हैं कि 80 प्रतिशत लोग वर्तमान व्यवस्था से खुश हैं।”

भाषा जोहेब सुरेश

सुरेश