हिमाचल के कुछ हिस्सों में 19 जुलाई से भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

हिमाचल के कुछ हिस्सों में 19 जुलाई से भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

हिमाचल के कुछ हिस्सों में 19 जुलाई से भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
Modified Date: July 16, 2026 / 07:49 pm IST
Published Date: July 16, 2026 7:49 pm IST

शिमला, 16 जुलाई (भाषा) मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश के पांच जिलों में 19 से 22 जुलाई तक अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का बृहस्पतिवार को ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग ने इस दौरान भूस्खलन, अचानक बाढ़ और जलभराव की आशंका जताई है।

मौसम विभाग के अनुसार, 19 जुलाई से उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करने वाले नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

विभाग ने हिमाचल प्रदेश में 22 जुलाई तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान जताया है। साथ ही लोगों को मौसम संबंधी चेतावनियों और यातायात परामर्श का पालन करने की सलाह दी गई है तथा लोगों से संवेदनशील इलाकों और जलस्रोतों के पास जाने से बचने को कहा गया है।

मौसम विभाग ने संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन, मिट्टी खिसकने और अचानक बाढ़ की आशंका को लेकर भी चेतावनी जारी की है। विभाग ने कहा कि नदियों और अन्य जलस्रोतों में जलस्तर और बहाव बढ़ सकता है जिससे निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो सकती है।

पिछले 24 घंटों के दौरान बृहस्पतिवार सुबह तक राज्य में मौसम ज्यादातर शुष्क रहा। इस दौरान शिमला जिले के सराहन में सबसे अधिक 7.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

कुकुमसेरी में राज्य का न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि दिन के समय ऊना सबसे गर्म रहा जहां अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी ऑरेंज अलर्ट का मतलब है कि बहुत खराब मौसम के लिए ‘तैयार रहें’, जिससे रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो सकती है।

भाषा

शुभम नरेश

नरेश


लेखक के बारे में