जोधपुर में 50 हजार के इनामी लादेन समेत दो अपराधी गिरफ्तार

जोधपुर में 50 हजार के इनामी लादेन समेत दो अपराधी गिरफ्तार

जोधपुर में 50 हजार के इनामी लादेन समेत दो अपराधी गिरफ्तार
Modified Date: January 27, 2025 / 07:00 pm IST
Published Date: January 27, 2025 7:00 pm IST

जयपुर, 27 जनवरी (भाषा) जोधपुर पुलिस की विशेष टीम ने 50 हजार रुपये के इनामी लादेन समेत दो कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया है।

जोधपुर के पुलिस महानिरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों में शामिल हनुमान उर्फ लादेन पर 50 हजार रुपये का इनाम है और वह लूट, डकैती, हत्या के प्रयास, अपहरण और पेपर लीक के 17 मामलों में आरोपी है जबकि बलदेव पर 15 हजार रुपए का इनाम है।

उन्होंने बताया कि लादेन जोधपुर में ‘007 गिरोह’ का मुखिया है और उसे पिछले दिनों ‘पेपर लीक’ मामले में गिरफ्तार किया गया था। कुमार ने कहा कि वह 2016 में आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा और कई बार जेल जा चुका है।

उन्होंने बताया कि जमानत पर जेल से बाहर आने के बाद वह पुलिस से बचने के लिए महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और राजस्थान में कई स्थानों पर रहा और अपने गुर्गों के जरिए आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दे रहा था।

कुमार ने बताया कि पुलिस की टीम को सूचना मिली थी कि वह जोधपुर में अपने प्रतिद्वंद्वी गिरोह के एक सदस्य को मारने की योजना बना रहा है। टीम ने रविवार को उसके साथी बलदेव को पकड़ लिया जो प्रतिद्वंद्वी गिरोह के सदस्य की रेकी कर रहा था।

इसकी सूचना पर लादेन को भी जोधपुर में एक स्थान से पकड़ लिया गया।

अधिकारी ने बताया कि दोनों को गिरफ्तार करके टीम ने जोधपुर में गैंगवार की आशंका को टाल दिया है। दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

भाषा कुंज पृथ्वी संतोष

संतोष


लेखक के बारे में