हमारी सरकार की कार्रवाई से पेपरलीक एवं फर्जीवाड़े की कलई खुली: मुख्यमंत्री शर्मा

Ads

हमारी सरकार की कार्रवाई से पेपरलीक एवं फर्जीवाड़े की कलई खुली: मुख्यमंत्री शर्मा

  •  
  • Publish Date - August 29, 2025 / 07:48 PM IST,
    Updated On - August 29, 2025 / 07:48 PM IST

जयपुर, 29 अगस्त (भाषा) मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को कहा कि मौजूदा भारतीय जनता पार्टी की सरकार की कार्रवाई से राज्य में भर्ती परीक्षााओं के पेपरलीक व फर्जीवाड़े की कलई खुल रही है।

वह टोडारायसिंह में जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि राज्य की पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने युवाओं के साथ धोखा किया। हमारी सरकार पूर्ववर्ती सरकार के दौरान सरकारी नौकरी की भर्तियों में हुए पेपरलीक एवं फर्जीवाड़े के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के दौरान फर्जीवाड़ा करके नौकरी लगने वाले पकड़े जा रहे हैं और उनकी कलई लगातार खुलती जा रही है।

शर्मा ने पुलिस उपनिरीक्षक (एसआई) भर्ती परीक्षा-2021 पर उच्च न्यायालय के फैसले के संबंध में कहा कि यह वर्ष 2021 की भर्ती थी लेकिन तत्कालीन कांग्रेस की सरकार ने इस भर्ती के पेपर लीक को लेकर वर्ष 2023 तक कोई कार्रवाई नहीं की और युवाओं के भविष्य के साथ कुठाराघात किया।

उन्होंने कहा कि हमारी सरकार के गठन के साथ ही हमने 16 दिसंबर को विशेष जांच दल एसआईटी का गठन किया जिसके चलते विशेष समूह एसओजी ने 56 प्रशिक्षु एसआई के साथ ही कई दोषियों को पकड़ा। हमारी सरकार की कार्रवाई ने इस फैसले का आधार बनाने का काम किया।

उल्लेखनीय है कि न्यायालय ने पेपर लीक के मद्देनजर विवादास्पद ‘पुलिस उपनिरीक्षक (एसआई) भर्ती परीक्षा-2021’ बृहस्पतिवार को रद्द कर दी।

आधिकारिक बयान के अनुसार कांग्रेस नेताओं पर कटाक्ष करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनको चिंता करने की आवश्यकता नहीं है क्योंकि पेपरलीक के खिलाफ कार्रवाई पूर्व मुख्यमंत्री के निजी सुरक्षा अधिकारी पीएसओ तक पहुंच चुकी है, आगे और भी मगरमच्छ पकड़े जाएंगे।

उन्होंने कहा कि हमारी सरकार में पिछले डेढ़ साल में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ और हमारी सरकार पूरी पारदर्शिता से परीक्षाएं आयोजित कर समय पर युवाओं को नौकरियां दे रही है।

भाषा पृथ्वी नरेश

नरेश