जैसलमेर में 100 से अधिक मवेशियों के शव खुले में मिले, ठेकेदार का अनुबंध समाप्त
जैसलमेर में 100 से अधिक मवेशियों के शव खुले में मिले, ठेकेदार का अनुबंध समाप्त
जैसलमेर, 25 मई (भाषा) राजस्थान के जैसलमेर नगर परिषद के डंपिंग यार्ड में 100 से अधिक सड़े-गले मवेशियों के शव खुले में पड़े मिले, जिनमें कई गौवंश भी शामिल हैं।
करीब एक किलोमीटर क्षेत्र में फैले ये शव कई दिनों से पड़े थे। तेज गर्मी में सड़ते शवों से उठती दुर्गंध के कारण स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई और उन्होंने प्रशासन से शिकायतें कीं।
नगर परिषद आयुक्त लाजपाल सिंह सोढ़ा ने बताया कि ठेकेदार गोपराम की गंभीर लापरवाही सामने आई है, जिसके बाद उसका अनुबंध समाप्त कर दिया गया और उसे काली सूची में डाल दिया गया है।
उन्होंने कहा, “ठेकेदार को मृत पशुओं के निस्तारण के लिए डंपिंग यार्ड में जगह आवंटित की गई थी। सामान्य प्रक्रिया के तहत मृत पशुओं को एक-दो दिन सुखाकर गड्ढों में दबाया जाता है, लेकिन ठेकेदार ने 15 से 20 दिन तक शवों को यूं ही पड़ा रहने दिया।”
स्थानीय शिकायतों के बाद रविवार को मौके का निरीक्षण किया गया, जिसमें 100 से अधिक पशुओं के शव खुले में पड़े पाए गए। इसके बाद ठेकेदार को नोटिस जारी किया गया और नगर परिषद ने अपने संसाधनों से शवों का निस्तारण कराया।
सोमवार को संबंधित ठेका रद्द कर दिया गया। इस बीच डंपिंग यार्ड के वीडियो भी सामने आए हैं।
अधिकारियों ने बताया कि बाद में सभी शवों को गहरे गड्ढे खोदकर मिट्टी से ढककर सुरक्षित तरीके से दफनाया गया।
भाषा
बाकोलिया रवि कांत

Facebook


