पार्षद के बेटे से जुड़े यौन शोषण मामले में 100 से अधिक पीड़ित हैं : कांग्रेस नेता

Ads

पार्षद के बेटे से जुड़े यौन शोषण मामले में 100 से अधिक पीड़ित हैं : कांग्रेस नेता

  •  
  • Publish Date - March 28, 2026 / 06:12 PM IST,
    Updated On - March 28, 2026 / 06:12 PM IST

पणजी, 28 मार्च (भाषा) कांग्रेस की गोवा इकाई के अध्यक्ष अमित पाटकर ने शनिवार को दावा किया कि जिस यौन शोषण मामले में एक पार्षद का बेटा आरोपी है उसमें 100 से अधिक नाबालिग पीड़ित हैं और पुलिस शुरू में मामला दर्ज करने में आनाकानी कर रही थी।

दक्षिण गोवा के कुर्चोरेम नगरपालिका परिषद सदस्य सुशांत नाइक के बेटे सोहम (20) को नाबालिग लड़कियों से कथित तौर पर बलात्कार करने, उनके अश्लील वीडियो बनाने और उन्हें प्रसारित करने के आरोप में 21 मार्च को यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (पीओसीएसओ) अधिनियम, गोवा बाल अधिनियम, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत दर्ज चार मामलों में गिरफ्तार किया गया था।

पाटकर ने गोवा प्रदेश महिला कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित विरोध मार्च के दौरान संवादाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए आरोप लगाया, “पीड़ितों की संख्या 100 से अधिक है। आरोपी पिछले तीन वर्षों से यह अपराध कर रहा था। यह यौन उत्पीड़न मामला जितना बताया जा रहा है, उससे कहीं अधिक बड़ा है।”

पाटकर ने दावा किया कि नाबालिग लड़कियां कुर्चोरेम, मारगाओ, वास्को डी गामा और पोंडा जैसे स्थानों से हैं। उन्होंने कहा कि पीड़ितों को परामर्श प्रदान करने की तत्काल आवश्यकता है, ताकि वे दबाव में कोई भी चरम कदम न उठाएं।

उन्होंने सवाल उठाया, “आरोपी इस सप्ताह 21 वर्ष का हो गया है। इसका मतलब है कि वह 17-18 वर्ष की आयु से ही अपराध में लिप्त था। कुर्चोरेम पुलिस ने शुरू में मामला दर्ज करने में आनाकानी की और स्थानीय निवासियों के दबाव के बाद ही मामला दर्ज किया। गोवा राज्य महिला आयोग, गोवा राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग और राज्य शिक्षा विभाग ने अभी तक कोई कदम क्यों नहीं उठाया?’’

मामले की जांच कर रही अपराध शाखा के एक अधिकारी से संपर्क करने पर बताया कि अब तक तीन लड़कियां शिकायत लेकर सामने आई हैं।

अधिकारी ने कहा, “अधिक पीड़िताओं को शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रोत्साहित करने के प्रयास जारी हैं। पीड़ितों की सही संख्या जांच पूरी होने के बाद ही पता चल पाएगी।”

इस बीच, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता सिद्धार्थ गौंस देसाई ने कहा कि आरोपी के पिता सुशांत नाइक का सत्तारूढ़ पार्टी से कोई संबंध नहीं है।

देसाई ने कहा, ‘‘सुशांत नाइक का भारतीय जनता पार्टी से कभी कोई संबंध नहीं था, जैसा कि मीडिया की कुछ खबरों में दिखाया जा रहा है। वे पार्टी के प्राथमिक सदस्य भी नहीं हैं। वे एक निर्दलीय नेता हैं। नगर परिषद चुनाव पार्टी चिन्हों पर नहीं लड़े जाते।’’

दक्षिण गोवा जिला पंचायत के अध्यक्ष देसाई ने कहा कि उन्होंने ही पुलिस थाने के सामने प्रदर्शन का नेतृत्व किया था, जिसके परिणामस्वरूप सोहम नाइक को गिरफ्तार किया गया।

भाषा अमित दिलीप

दिलीप