दिल्ली लक्ष्मी योजना के लिए 4.25 लाख से ज़्यादा महिलाओं ने पंजीकरण कराया

Ads

दिल्ली लक्ष्मी योजना के लिए 4.25 लाख से ज़्यादा महिलाओं ने पंजीकरण कराया

  •  
  • Publish Date - August 6, 2026 / 10:02 PM IST,
    Updated On - August 6, 2026 / 10:02 PM IST

नयी दिल्ली, छह अगस्त (भाषा) दिल्ली लक्ष्मी योजना के लिए 4.25 लाख से ज़्यादा महिलाओं ने पंजीकरण कराया है और ऑनलाइन पोर्टल पर लगभग 1.5 लाख आवेदन जमा किए गए हैं।

एक अधिकारी ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम चार बजे तक 4,25,631 पंजीकरण पूरे हो चुके थे और पोर्टल पर 1,49,941 आवेदन जमा किए गए थे। इससे पहले मंगलवार को रात आठ बजे तक पोर्टल पर तीन लाख से ज़्यादा पंजीकरण हुए थे और 71,411 आवेदन जमा किए गए थे।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बृहस्पतिवार को शालीमार बाग में दिल्ली लक्ष्मी योजना शिविर का निरीक्षण किया, जहां उन्होंने महिलाओं से बातचीत की और शिविर में पंजीकरण प्रक्रिया और व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

एक बयान के अनुसार, गुप्ता ने शिविर में मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र महिला का आवेदन सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पूर्ण किया जाए ताकि किसी भी लाभार्थी को अनावश्यक कठिनाई का सामना न करना पड़े।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि योजना का लाभ अंतिम पात्र महिला तक सुगमता से पहुंचे।

गुप्ता ने शालीमार बाग की विधायक के रूप में दिल्ली लक्ष्मी योजना के लिए आवेदन करने वाली पात्र महिलाओं के आवेदन पत्रों का परीक्षण किया और आवश्यक सत्यापन के बाद उन पर हस्ताक्षर भी किए।

उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि के रूप में यह उनका दायित्व है कि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ समय पर मिले और किसी भी स्तर पर प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब न हो।

गुप्ता ने एक अगस्त को योजना के लिए ऑनलाइन पोर्टल शुरू किया था। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को प्रति माह 2,500 रुपये की वित्तीय सहायता मिलेगी।

भाजपा सरकार ने इस योजना के लिए 5,100 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं।

योजना के दिशानिर्देशों के अनुसार, 21 से 60 वर्ष की आयु की महिलाएं आवेदन करने के लिए पात्र हैं, बशर्ते उनकी वार्षिक पारिवारिक आय 2.5 लाख रुपये तक हो। हालांकि, जिन महिलाओं के तीन बच्चे हैं और जो ऐसे परिवारों से आती हैं, जिनकी सालाना बिजली खपत 2,400 यूनिट से अधिक है, वे इस योजना के लिए पात्र नहीं होंगी।

योजना के लिए आवेदन करने के वास्ते आवेदक को अपने निर्वाचन क्षेत्र के सांसद या विधायक से सिफारिश करानी होगी।

योजना के तहत, मासिक सहायता के 1,500 रुपये तीन साल की अवधि के लिए सावधि जमा में रखे जाएंगे, जबकि लाभार्थियों को हर महीने सीधे 1,000 रुपये मिलेंगे।

भाषा नोमान नोमान पवनेश

पवनेश