अमेरिका में भारतीय पर धर्म के कारण चाकू से हमला : ओवैसी ने निंदा की
अमेरिका में भारतीय पर धर्म के कारण चाकू से हमला : ओवैसी ने निंदा की
हैदराबाद, 16 जुलाई (भाषा) ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने बृहस्पतिवार को अमेरिका में एक भारतीय व्यक्ति पर कथित तौर पर धर्म के कारण किए गए चाकू से हमले की निंदा की।
फॉक्स 13 न्यूज की खबर के अनुसार, युटाह की वेस्ट वैली सिटी स्थित वैली सिटी मॉल में कर्मचारी सैयद सोहेलुद्दीन पर सोमवार दोपहर पीटर माइकल लार्सन ने कथित तौर पर चाकू से हमला किया। बताया गया कि लार्सन ने हमले से पहले पीड़ित से उसका धर्म पूछा था।
ओवैसी ने कहा, ‘यह बेहद दुखद और निंदनीय है।’ उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक समुदायों से जुड़े लोगों को ट्रेनों और सड़कों पर निशाना बनाया जा रहा है।
मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर उन्होंने कहा कि एआईएमआईएम कार्यकर्ता तेलंगाना और अन्य राज्यों में जागरूकता कार्यक्रम चला रहे हैं, ताकि लोगों को एसआईआर फॉर्म सही तरीके से भरने, नोटिस का जवाब देने और मतदाता सूची में अपना नाम बनाए रखने में मदद मिल सके।
उन्होंने कहा कि एआईएमआईएम ने तेलंगाना सरकार से अपील की है कि वह राज्य में जारी एसआईआर प्रक्रिया के दौरान गरीब लोगों की मदद के लिए स्थायी निवास प्रमाण पत्र जारी करे।
निर्वाचन आयोग ने 15 जुलाई को तेलंगाना और दो अन्य राज्यों के साथ ही दिल्ली में जारी मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के कार्यक्रम की समय सीमा बढ़ा दी गई है।
तेलंगाना में मतदाता सूची का मसौदा 10 अगस्त को जारी किया जाएगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची 12 अक्टूबर को प्रकाशित होगी।
ओवैसी ने यह भी कहा कि नशे की समस्या समाज को अंदर से खोखला करने वाले दीमक की तरह है। उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों का सेवन करने, बेचने या तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
भाषा तान्या माधव
माधव

Facebook


