देहरादून, एक जुलाई (भाषा) उत्तराखंड विशेष कार्यबल (एसटीएफ) ने हरिद्वार जिले के पिरान कलियर क्षेत्र में एक जनरल स्टोर पर छापा मार कर कॉस्मेटिक की आड़ में ‘ट्रामाडोल कैप्सूल’ व ‘कोडीन सिरप’ जैसी प्रतिबंधित नशीली दवाइयों की आपूर्ति में लिप्त उसके मालिक को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी ।
अधिकारियों के अनुसार, एसटीएफ की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) द्वारा ड्रग विभाग की टीम के साथ संयुक्त रूप से मंगलवार को कलियर में विभिन्न स्थानों पर छापेमारी के दौरान एहतेशाम कॉस्मेटिक जनरल स्टोर पर तलाशी के दौरान प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल और 3.9 किलोग्राम कोडीन सिरप बरामद हुआ ।
इसके बाद, जनरल स्टोर के मालिक एहतेशाम उल हक को गिरफ्तार कर लिया गया । हक हरिद्वार जिले के ही पथरी क्षेत्र का निवासी है ।
पूछताछ में पता चला कि आरोपी कैप्सूल और सिरप को मूल कीमत से कई गुना अधिक मूल्य पर बेचकर अवैध लाभ अर्जित कर रहा था । अधिकारियों ने बताया कि प्रकरण में संलिप्त अन्य व्यक्तियों एवं उनके नेटवर्क की भूमिका की भी जांच की जा रही है ।
आरोपी पूर्व में भी नशीली दवाओं की बिक्री के एक मामले में जेल जा चुका है ।
भाषा दीप्ति पवनेश
पवनेश