विरोध और हंगामे के बीच पद्मावत ने 2 दिन में कमा डाले 51 करोड़

विरोध और हंगामे के बीच पद्मावत ने 2 दिन में कमा डाले 51 करोड़

विरोध और हंगामे के बीच पद्मावत ने 2 दिन में कमा डाले 51 करोड़
Modified Date: November 29, 2022 / 07:54 pm IST
Published Date: January 27, 2018 12:15 pm IST

मुंबई। बुधवार को पेड प्रीव्यू से 5 करोड़ रुपये कमाने वाली संजय लीला भंसाली की बहुचर्चित और विवादित फिल्म पद्मावत ने गुरुवार और शुक्रवार को बॉक्स ऑफिस पर 50 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया। 4000 स्क्रीन्स पर रीलीज पद्मावत ने पहले दिन 25 जनवरी यानी गुरुवार को 19 करोड़ रुपये का कारोबार किया, जबकि 26 जनवरी की छुट्टी और सुरक्षा का इसे भरपूर फायदा मिला और इसने 32 करोड़ का कलेक्शन किया। इस तरह रिलीज के पहले दो दिन में पद्मावत ने 51 और पेड प्रीव्यू मिलाकर 56 करोड़ की कमाई की है। फिल्म समीक्षक और ट्रेड एनेलिस्ट तरण आदर्श ने ट्वीट किया है कि अगर पद्मावत को सभी राज्यों में दिखाया जाता और विवाद न होता तो शुक्रवार की कमाई का आंकड़ा 40 करोड़ पहुंच सकता था।

फिल्म समीक्षक और ट्रेड एनेलिस्ट कोमल नाहटा के मुताबिक न सिर्फ भारत बल्कि विदेशों में भी पद्मावत ने अच्छी ओपनिंग की है। ऑस्ट्रेलिया के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन के बारे में नाहटा ने जानकारी दी है कि ये फिल्म 901 हजार ऑस्ट्रेलियाई डॉलर कमा चुकी है और इस वीकेंड तक कमाई के मामले में ये बजरंगी भाईजान को आसानी से पीछे छोड़ सकती है। 

खास बात ये है कि इस फिल्म में पद्मावती यानी दीपिका पादुकोण से भी ज्यादा तारीफ अलाउद्दीन खिलजी की भूमिका निभाने वाले रणवीर सिंह का अभिनय चर्चा में है। दर्शकों, समीक्षकों और बॉलीवुड ने रणवीर सिंह की एक्टिंग और उनकी डॉयलॉग डिलीवरी की जमकर तारीफ की है।

फिल्म समीक्षकों ने इस वीकेंड इस फिल्म के 100 करोड़ क्लब में शामिल होने का अनुमान जताया है, दूसरी ओर अभी भी इस फिल्म का विरोध जारी है। 

 

 

वेब डेस्क, IBC24


लेखक के बारे में