मासिक धर्म स्वास्थ्य जागरुकता अभियान के लिए ‘पैडवुमन’ प्रीति मिंज सम्मानित
मासिक धर्म स्वास्थ्य जागरुकता अभियान के लिए 'पैडवुमन' प्रीति मिंज सम्मानित
कोलकाता, 11 फरवरी (भाषा) पश्चिम बंगाल सरकार ने मासिक धर्म स्वास्थ्य जागरुकता फैलाने में एक दशक से अधिक के योगदान को मान्यता देते हुए ‘पैडवुमन’ के नाम से लोकप्रिय प्रीति मिंज को सम्मानित किया है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी के मुताबिक प्रीति मिंज को यह सम्मान दुआर्स क्षेत्र के दूरस्थ चाय बागान क्षेत्रों में किशोरियों और युवतियों के बीच मासिक धर्म स्वास्थ्य के बारे में जागरुकता फैलाने के लिए दिया गया है।
राज्य सरकार के मंत्री बुलू चिक बराइक ने मंगलवार को जलपाईगुड़ी जिले के ओडलाबारी स्थित मिंज के आवास पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की ओर से उन्हें एक प्रमाण पत्र सौंपा। प्रीति मिंज एक आदिवासी महिला हैं।
पिछले 10 वर्षों से, मिंज चाय बागान क्षेत्रों में मासिक धर्म से जुड़ी वर्जनाओं, अज्ञानता और सामाजिक बाधाओं को तोड़ने के लिए अथक प्रयास कर रही हैं।
वह घर-घर जाकर लड़कियों और महिलाओं को मासिक धर्म स्वच्छता के बारे में परामर्श दे रही हैं, सुरक्षित प्रथाओं के महत्व पर जोर देने के अलावा सैनिटरी नैपकिन के इस्तेमाल को भी प्रोत्साहित कर रही हैं।
राज्य सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘ सामाजिक और आर्थिक चुनौतियों के बावजूद, वह अपने मिशन पर अडिग रहीं। उनके काम से हजारों लड़कियों में मासिक धर्म को लेकर जागरुकता बढ़ी है और साथ ही स्वच्छ प्रथाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।’’
मिंज को इससे पहले भी कई स्वयंसेवी संगठनों और सामाजिक समूहों द्वारा सम्मानित किया जा चुका है।
भाषा रवि कांत रवि कांत नरेश
नरेश

Facebook


