जम्मू, 27 जून (भाषा) सेना के जवानों ने पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) के एक व्यक्ति को जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास से पकड़ा है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, मोहम्मद सज्जाद (26) को कृष्णा घाटी सेक्टर के गुलपुर क्षेत्र से एलओसी पार कर भारतीय सीमा में प्रवेश करने के बाद शुक्रवार को हिरासत में लिया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में उसने बताया कि वह पीओके के अब्बासपुर क्षेत्र के पोलास गांव का रहने वाला है।
अधिकारियों के अनुसार उसने पूछताछ करने वाले अधिकारियों को बताया कि वह अनजाने में एलओसी पार कर भारतीय सीमा में आ गया था।
सुरक्षा एजेंसियां उसके इस दावे की सत्यता की जांच कर रही हैं और यह पता लगाने के लिए उससे पूछताछ की जा रही है कि उसने किन परिस्थितियों में सीमा पार की।
भाषा शोभना सिम्मी
सिम्मी