चेन्नई, 19 मई (भाषा) ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के महासचिव एडप्पाडी के. पलानीस्वामी ने मंगलवार को जिला सचिव समेत पार्टी के प्रमुख पदाधिकारियों के साथ बैठक शुरू की और उनसे संवाद किया।
यह बैठक टीवीके को समर्थन देने वाले बागी गुट द्वारा आम परिषद की बैठक बुलाने की मांग की पृष्ठभूमि में आयोजित की गई।
पलानीस्वामी ने 18 मई को असंतुष्टों को सुलह का प्रस्ताव देते हुए कहा था कि वे जिम्मेदारी से काम करें। इसके बाद उन्होंने पार्टी के राज्य मुख्यालय में शीर्ष पार्टी पदाधिकारियों के विचार सुने।
उन्होंने पहले घोषणा की थी कि बैठक उनके ग्रीनवेज रोड स्थित आवास पर होगी। हालांकि, वह अपने समर्थकों के साथ पार्टी मुख्यालय पहुंचे।
अन्नाद्रमुक के शीर्ष नेता ने 13 मई को हुए विश्वास मत परीक्षण के दौरान तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) सरकार के पक्ष में मतदान करने वाले 12 विधायकों सहित 26 जिलों के सचिवों को बदल दिया था।
राज्य के पूर्व मंत्रियों सी. वी. षणमुगम, एस. पी. वेलुमणि और डॉ. सी. विजयभास्कर के नेतृत्व में अलग हुआ गुट आम परिषद की बैठक बुलाने की तैयारी कर रहा है, जिसका उद्देश्य मुख्यमंत्री सी. जोसफ विजय के नेतृत्व वाली टीवीके सरकार को पूर्ण समर्थन देना है। पलानीस्वामी ने उनका कड़ा विरोध किया है और बागी गुट के नेताओं को पार्टी पदों से हटा दिया गया है।
भाषा सुरभि मनीषा
मनीषा