पंजाब विश्वविद्यालय की कुलपति रेणु विग का कार्यकाल बढ़ा

Ads

पंजाब विश्वविद्यालय की कुलपति रेणु विग का कार्यकाल बढ़ा

  •  
  • Publish Date - March 28, 2026 / 03:10 PM IST,
    Updated On - March 28, 2026 / 03:10 PM IST

नयी दिल्ली, 28 मार्च (भाषा) चंडीगढ़ स्थित पंजाब विश्वविद्यालय के कुलाधिपति एवं उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने कुलपति रेणु विग के कार्यकाल को आगे बढ़ाने की मंजूरी दे दी है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार अगले कुलपति की नियुक्ति के लिए तीन सदस्यीय खोज-सह-चयन पैनल भी गठित कर दिया गया है।

विग के तीन साल के कार्यकाल के खत्म होने के ठीक अगले दिन 29 मार्च से यह विस्तार प्रभावी होगा।

शिक्षा मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘इस पैनल में सभी महिलाएं होंगी जिसकी अध्यक्षता नासिक स्थित महाराष्ट्र आरोग्य विज्ञान विद्यापीठ की कुलपति सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल माधुरी कानिटकर करेंगी। समिति में नयी दिल्ली के राष्ट्रीय शैक्षिक योजना एवं प्रशासन संस्थान (एनआईईपीए) की कुलपति शशिकला वंजारी और कोलकाता के सीएसआईआर-भारतीय रासायनिक जीव विज्ञान संस्थान की निदेशक विभा टंडन सदस्य के रूप में शामिल हैं।’’

इस पैनल को निर्देश दिया गया है कि वह जल्द से जल्द तीन से पांच योग्य नामों की सूची कुलाधिपति को सौंपे, ताकि नए कुलपति की नियुक्ति प्रक्रिया आगे बढ़ सके।

रेणु विग ने 16 जनवरी 2023 को तत्कालीन कुलपति राज कुमार के भ्रष्टाचार के आरोपों के बीच इस्तीफे के बाद कार्यवाहक कुलपति के रूप में जिम्मेदारी संभाली थी। बाद में वर्ष 2023 में उन्हें औपचारिक रूप से विश्वविद्यालय की 14वीं और पहली महिला कुलपति नियुक्त किया गया था।

भाषा खारी माधव

माधव