नयी दिल्ली, 28 मार्च (भाषा) भारत ने शनिवार को उस मीडिया रिपोर्ट को खारिज किया जिसमें कहा गया था कि अरबपति एलन मस्क इस सप्ताह की शुरुआत में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच फोन पर हुई बातचीत में शामिल थे।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि मंगलवार को केवल दोनों नेताओं के बीच बातचीत हुई थी।
‘न्यूयॉर्क टाइम्स’ ने खबर दी कि मोदी और ट्रंप ने पश्चिम एशिया की स्थिति पर जब मंगलवार को बातचीत की, उस समय अरबपति कारोबारी एलन मस्क भी फोन पर उनके साथ मौजूद थे।
‘न्यूयॉर्क टाइम्स’ ने अमेरिका के आधिकारिक सूत्रों के हवाले से खबर दी कि मंगलवार को ट्रंप और मोदी की फोन पर हुई बातचीत में एलन मस्क भी शामिल हुए थे। पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के बीच दो देशों के प्रमुखों के बीच हुई बातचीत में सरकार के इतर किसी नागरिक का मौजूद होना असामान्य है।
जायसवाल ने कहा, ‘‘24 मार्च को फोन पर बातचीत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच ही हुई थी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘जैसा कि पहले भी कहा जा चुका है, इससे पश्चिम एशिया की स्थिति पर विचारों के आदान-प्रदान का अवसर मिला।’’
पश्चिम एशिया में 28 फरवरी को संघर्ष शुरू होने के बाद दोनों नेताओं के बीच यह पहली बातचीत है।
बातचीत के दौरान, प्रधानमंत्री मोदी ने होर्मुज जलडमरूमध्य को खुला, सुरक्षित और सुलभ बनाए रखने के महत्व पर जोर देते हुए कहा था कि यह विश्व में शांति, स्थिरता और आर्थिक खुशहाली के लिए महत्वपूर्ण है।
भाषा शफीक नरेश
नरेश