पारा शिक्षकों ने वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर कोलकाता में मार्च निकाला
पारा शिक्षकों ने वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर कोलकाता में मार्च निकाला
कोलकाता, 10 फरवरी (भाषा) पश्चिम बंगाल में पारा शिक्षकों ने वेतन वृद्धि की मांग को लेकर मंगलवार को पांच घंटे तक धरना दिया और राज्य शिक्षा विभाग के मुख्यालय के पास प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की भी की।
राज्य में पारा शिक्षकों के संगठन ‘संग्रामी शिक्षक मंच’ के करीब 500 सदस्यों ने साल्ट लेक इलाके में करुणामयी से मार्च निकाला। हालांकि, उन्हें राज्य शिक्षा विभाग के मुख्यालय विकास भवन की ओर जाने से रोक दिया गया।
प्रदर्शनकारी पारा शिक्षक राज्य के शिक्षा मंत्री ब्रत्य बसु से मुलाकात की मांग को लेकर धरना पर बैठ गए लेकिन उन्हें बताया गया कि मंत्री की तबीयत ठीक नहीं है।
संगठन के छह सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने बाद में शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव बिनोद कुमार से मिलने और अपनी मांगों पर चर्चा करने के लिए विकास भवन का रुख किया, जबकि अन्य लोग सड़क पर बैठे रहे। लगभग पांच घंटे बाद वे वहां से चले गए।
प्रतिनिधिमंडल के एक सदस्य ने कहा, ‘‘बैठक में, वेतन और भविष्य निधि में वृद्धि तथा ग्रेच्युटी लाभ के अलावा, हमने चुनाव और एसआईआर ड्यूटी से राहत की मांग की। यदि हमें राज्य सरकार का नियमित कर्मचारी नहीं माना जाता है, तो हमें राज्य सरकार के शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों के समान चुनावी काम का बोझ क्यों उठाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि पारा शिक्षकों को हर महीने 9,000 से 10,000 रुपये के बीच भुगतान किया जा रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘हम मांग करते हैं कि इसे कम से कम 15,000 रुपये तक बढ़ाया जाए।’’
भाषा
रंजन अविनाश
अविनाश

Facebook


