भाजपा के साथ गठबंधन करने वाले दलों का कभी कोई भविष्य नहीं रहा: द्रमुक सांसद कनिमोई

भाजपा के साथ गठबंधन करने वाले दलों का कभी कोई भविष्य नहीं रहा: द्रमुक सांसद कनिमोई

भाजपा के साथ गठबंधन करने वाले दलों का कभी कोई भविष्य नहीं रहा: द्रमुक सांसद कनिमोई
Modified Date: April 3, 2026 / 02:56 pm IST
Published Date: April 3, 2026 2:56 pm IST

डिंडीगुल (तमिलनाडु), तीन अप्रैल (भाषा) द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) सांसद कनिमोई करुणानिधि ने शुक्रवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ गठबंधन करने वाले राजनीतिक दलों का भविष्य अंधकारमय है। उन्होंने अन्नाद्रमुक के भाजपा के साथ संबंधों को ऐसा ‘‘विश्वासघाती गठबंधन’’ करार दिया, जो राज्य और उसके अपने कार्यकर्ताओं दोनों को धोखा देता है।

नीलाकोट्टई विधानसभा क्षेत्र में द्रमुक उम्मीदवार नागज्योति के लिए प्रचार करते हुए कनिमोई ने अन्नाद्रमुक नेता ई. के. पलानीस्वामी पर निशाना साधते हुए उन पर ‘‘विश्वासघाती गठबंधन का नेतृत्व करने’’ का आरोप लगाया, जिसने राज्य और अपनी ही पार्टी कार्यकर्ताओं को धोखा दिया है।

उन्होंने कहा, ‘‘जिन लोगों ने उनके (भाजपा) साथ गठबंधन किया है, उनका कभी कोई भविष्य नहीं रहा। हो सकता है, वह आपको किसी राज्य का राज्यपाल बनाकर भेज दें। आप अपनी पसंद का कोई भी शहर चुन लें… अगर आप उन्हें अभी बता दें, तो शायद वे आपको भेज दें।’’

थूथुकुडी क्षेत्र से सांसद ने नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) पर अन्नाद्रमुक के अस्थिर रुख की भी आलोचना करते हुए कहा कि जहां पलानीस्वामी ने पहले इस अधिनियम का समर्थन किया था और प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कार्रवाई की थी, वहीं अब वह भाजपा के साथ गुप्त समझौते में रहते हुए खुद को इससे दूर करने की कोशिश कर रहे हैं।

कनिमोई ने अन्नाद्रमुक-भाजपा गठबंधन के उन आरोपों को खारिज कर दिया कि द्रमुक हिंदू विरोधी है और इसके लिए उन्होंने मंदिर प्रशासन और जीर्णोद्धार में सरकार के रिकॉर्ड का हवाला दिया।

उन्होंने कहा, ‘‘तमिलनाडु के मंदिरों के बारे में वे लोग कहते हैं कि हम हिंदू धर्म की रक्षा के लिए पैदा हुए हैं और द्रमुक हिंदुओं के खिलाफ है। चार हजार से अधिक मंदिरों का अभिषेक किसने किया? द्रविड़ मॉडल की सरकार ने, द्रविड़ मुनेत्र कषगम सरकार ने। किस सरकार ने 7,500 एकड़ से अधिक मंदिर भूमि वापस ली? मुथुवेल करुणानिधि स्टालिन की सरकार ने।’’

कनिमोई ने केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि उसने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) को ‘वीबी-जी राम जी’ से बदल दिया है और तीन-भाषा सूत्र के जरिए राज्य की शिक्षा नीति में ‘‘हस्तक्षेप’’ कर रही है।

उन्होंने दावा किया कि भाजपा ग्रामीण श्रमिकों के रोजगार ‘‘छीन’’ रही है, क्योंकि वह निधि में कटौती कर रही है और निर्णय लेने की प्रक्रिया को दिल्ली में केंद्रीकृत कर रही है।

द्रमुक की कल्याणकारी योजनाओं को बताते हुए कनिमोई ने घोषणा की कि वर्तमान मासिक महिला अधिकार भत्ता दोगुना किया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘महिला अधिकार भत्ता बढ़ाकर 2,000 रुपये किया जाएगा। इसी तरह, कॉलेज छात्रों को हम ‘पुधुमई पेन’ और ‘तमिल पुधलवन’ योजनाओं के तहत 1,000 रुपये दे रहे थे, जिसे अब 1,500 रुपये कर दिया जायेगा।’’

उन्होंने घरों के लिए एक नयी प्रोत्साहन योजना भी पेश की, जिसमें सरकार घरेलू उपकरण खरीदने के लिए 8,000 रुपये का कूपन देगी। उन्होंने कहा, ‘‘हमारे मुख्यमंत्री कह रहे हैं- जो चाहें खरीदिए। अगर आपके पास फ्रिज है तो फ्रिज लेने की जरूरत नहीं, ग्राइंडर खरीद लीजिए। इसके लिए 8,000 रुपये का कूपन दिया जाएगा।’’

स्थानीय विकास के मुद्दे पर सांसद ने डिंडीगुल के ताला उद्योग के लिए औद्योगिक क्लस्टर स्थापित करने और बाटलागुंडु के लिए एक नयी बाईपास सड़क बनाने का वादा किया।

उन्होंने मतदाताओं से ‘राइजिंग सन’ (उगता सूरज) चुनाव चिह्न पर वोट देने की अपील की, ताकि द्रविड़ मॉडल की सरकार कायम रह सके। उन्होंने दावा किया कि नीलाकोट्टई में केवल महिला अधिकार निधि के जरिए ही 54,000 लोगों को पहले ही लाभ मिल चुका है।

भाषा गोला देवेंद्र

देवेंद्र


लेखक के बारे में