पीओके में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कार्रवाई बंद करे पाकिस्तान सरकार : पीडीपी प्रमुख महबूबा

Ads

पीओके में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कार्रवाई बंद करे पाकिस्तान सरकार : पीडीपी प्रमुख महबूबा

  •  
  • Publish Date - July 30, 2026 / 03:27 PM IST,
    Updated On - July 30, 2026 / 03:27 PM IST

श्रीनगर, 30 जुलाई (भाषा) पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने बृहस्पतिवार को पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि पाकिस्तान सरकार को प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कार्रवाई बंद करनी चाहिए और मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए उनसे बातचीत करने का रास्ता चुनना चाहिए।

महबूबा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘कश्मीर के दूसरे हिस्से में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पार से आ रही तस्वीरें बेहद हृदयविदारक हैं। शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों के खिलाफ अत्यधिक बल प्रयोग होते देखना पीड़ादायक है। पाकिस्तान सरकार को अधिक मानवीय दृष्टिकोण अपनाना चाहिए और बल प्रयोग के बजाय बातचीत का रास्ता चुनना चाहिए।’’

उन्होंने कहा कि खबरों से संकेत मिलता है कि प्रदर्शनकारियों की मांगें जायज हैं और उनकी बात सुनी जानी चाहिए।

जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘कोई भी देश अपने ही लोगों को कमजोर करके या बंदूक की नोंक पर उनकी आवाज दबाकर मजबूत नहीं बनता। सरकार को यह दमनकारी कार्रवाई बंद करनी चाहिए और शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर गोलियां चलाना रोकना चाहिए। कश्मीरी सम्मान, न्याय और अपनी बात कहने के अधिकार के हकदार हैं, दमन के नहीं।’’

‘न्यूयॉर्क टाइम्स’ (एनवाईटी) की एक रिपोर्ट के अनुसार, जून की शुरुआत से और सोमवार को हुई ताज़ा हिंसा से पहले तक कम से कम 30 लोगों की मौत हो चुकी थी, जिनमें प्रदर्शनकारी, सुरक्षाकर्मी और आम राहगीर शामिल थे।

‘ज्वॉइंट अवामी एक्शन कमेटी’ (जेएएसी) तथाकथित क्षेत्रीय विधानसभा की 12 विवादित सीट को लेकर पिछले महीने से पीओके में लगातार विरोध प्रदर्शन कर रही है।

जेएएसी, पीओके के कई राजनीतिक दलों, मजदूर संगठनों और सामाजिक संगठनों का गठबंधन है।

भाषा प्रचेता सुरेश

सुरेश