कोलकाता, 30 जुलाई (भाषा) कोलकाता के बेहाला इलाके में बृहस्पतिवार सुबह कथित तौर पर एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ में लगी दो बसों के बीच फंसने से स्कूटर सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यह हादसा पूर्वाह्न करीब 9:45 बजे बेहाला चौरास्ता के निकट शिमुलतला मार्केट के सामने स्थित टेलीफोन एक्सचेंज के पास हुआ।
उन्होंने बताया कि जब दोनों बसें कथित तौर पर अधिक सवारियां बैठाने की होड़ में तेज गति से चल रही थीं तभी स्कूटर सवार व्यक्ति उनके बीच फंस गया।
अधिकारी ने कहा, ‘एस्प्लेनेड-डायमंड हार्बर मार्ग पर चलने वाली एक बस ने स्कूटर को टक्कर मार दी, जिससे स्कूटर सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटर भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।’
उन्होंने बताया कि घायल को तत्काल विद्यासागर स्टेट जनरल हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
सूचना मिलने के बाद बेहाला थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
कोलकाता पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। घटना के क्रम का पता लगाने के लिए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा प्रत्यक्षदर्शियों से बात की जा रही है। दुर्घटना के बाद मौके से फरार हुए दोनों बस चालकों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।’
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। उनका आरोप है कि अधिक सवारियां बैठाने की होड़ में निजी बसों के चालकों द्वारा लापरवाही से वाहन चलाना इस इलाके में आम बात है।
भाषा
शुभम नरेश
नरेश