श्रीनगर, छह जून (भाषा) पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने शनिवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा के समक्ष अवंतीपोरा में निर्माणाधीन अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) का मुद्दा उठाते हुए उनसे निर्माण कार्य में तेजी लाने का अनुरोध किया।
महबूबा मुफ्ती ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा जी से बात की और उनसे अनुरोध किया कि अवंतीपोरा एम्स में चल रहे कार्य की रफ्तार तेज की जाए, ताकि इसमें और देरी न हो। उन्होंने मुझे आश्वस्त किया है कि परियोजना समय पर पूरी कर ली जाएगी।’’
महबूबा ने दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले स्थित अवंतीपोरा, एम्स के दौरे के एक दिन बाद नड्डा को फोन कॉल किया। पीडीपी ने कहा था कि यह दौरा निर्माण कार्य की प्रगति को ‘‘समझने’’ के लिए किया गया था, वहीं सत्तारूढ़ नेशनल कॉन्फ्रेंस ने सवाल उठाया कि उन्होंने (महबूबा ने) किस हैसियत से इस परियोजना की ‘‘समीक्षा’’ की।
जम्मू कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि इसमें कोई संदेह नहीं है कि यहां तैनात टीम दिन-रात मेहनत कर रही है, ‘‘लेकिन जम्मू कश्मीर में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति को देखते हुए यह बेहद जरूरी है कि अवंतीपोरा एम्स जल्द से जल्द चालू हो।’’
उन्होंने कहा कि यह संस्थान लोगों को आवश्यक राहत प्रदान करेगा और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराएगा।
भाषा गोला सुरेश
सुरेश