हरियाणा में जनता पहले से ही महंगे ईंधन की मार झेल रही, अब टोल में भी वृद्धि: हुड्डा
हरियाणा में जनता पहले से ही महंगे ईंधन की मार झेल रही, अब टोल में भी वृद्धि: हुड्डा
चंडीगढ़, 16 जुलाई (भाषा) कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने बृहस्पतिवार को कहा कि हरियाणा की जनता पहले ही महंगे ईंधन की मार झेल रही है और अब उसे बढ़ी हुई टोल दरों का बोझ भी उठाना पड़ रहा है।
हरियाणा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा ने आरोप लगाया कि राज्य की भाजपा सरकार टोल के नाम पर लगातार जनता से वसूली कर रही है।
हुड्डा ने यहां जारी एक बयान में कहा कि हाल ही में करनाल, कुरुक्षेत्र, हिसार, पानीपत और झज्जर के टोल प्लाजा पर पथकरों में बढ़ोतरी की गई है।
हुड्डा ने कहा, ‘एक तरफ वाहन चालक पहले ही भारी करों और महंगे ईंधन की मार झेल रहे हैं। ऐसे में सरकार ने कार, जीप और अन्य व्यावसायिक वाहनों के लिए टोल दरों में 30 रुपये तक की बढ़ोतरी कर लोगों पर अतिरिक्त बोझ डाल दिया है।’
हुड्डा ने कहा, ‘हिसार-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर थाना टोल प्लाजा समेत सभी टोल प्लाजा पर तीन महीने में दूसरी बार टोल दरें बढ़ाई गई हैं। इसी तरह हिसार के रामायण टोल प्लाजा पर कार, बस, ट्रक और अन्य व्यावसायिक वाहनों के लिए टोल शुल्क में पांच रुपये से 30 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है।’ उन्होंने कहा कि इसका नतीजा यह है कि हरियाणा के भीतर और बाहर यात्रा करना अब पहले से अधिक महंगा हो गया है।
उन्होंने दावा किया कि हरियाणा के लोगों से देश में सबसे अधिक टोल वसूला जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया, ‘गुजरात की तुलना में हरियाणा से अधिक टोल वसूला जा रहा है, जबकि गुजरात क्षेत्रफल के लिहाज से हरियाणा से तीन गुना बड़ा राज्य है। गुजरात में 62 टोल प्लाजा हैं, जबकि हरियाणा में 75 टोल प्लाजा हैं, जहां लोगों से मनमानी वसूली की जा रही है।’
हुड्डा ने कहा कि केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने लोकसभा में बताया था कि गुजरात में अक्टूबर 2025 में टोल वसूली, 2024 के मुकाबले 1,928.57 करोड़ रुपये घट गई, जबकि इसी अवधि में हरियाणा में यह 368.57 करोड़ रुपये बढ़ गई। उन्होंने दावा किया कि हरियाणा में प्रति व्यक्ति टोल वसूली 917.1 रुपये है, जो देश में सबसे अधिक है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि हरियाणा में प्रति किलोमीटर सालाना टोल वसूली 0.69 करोड़ रुपये है, जो देश में सबसे अधिक है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग शुल्क (दर निर्धारण एवं वसूली) नियम, 2008 के अनुसार किसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर दो टोल प्लाजा के बीच कम से कम 60 किलोमीटर की दूरी अनिवार्य है। लेकिन हरियाणा में दो टोल प्लाजा के बीच की दूरी केवल 45 किलोमीटर है, जो देश में सबसे कम है।
उन्होंने कहा, ‘संसद में पेश आंकड़ों के अनुसार हरियाणा में टोल वसूली 2014-15 के 461.88 करोड़ रुपये से बढ़कर 2025-26 में 2,324.95 करोड़ रुपये हो गई है- यानी इसमें पांच गुना से अधिक की बढ़ोतरी हुई है।’
भाषा तान्या अविनाश
अविनाश

Facebook


