महाराष्ट्र की जनता ने संविधान के फर्जी शुभचिंतकों की दुकानें बंद करा दीं: शाह

Ads

महाराष्ट्र की जनता ने संविधान के फर्जी शुभचिंतकों की दुकानें बंद करा दीं: शाह

  •  
  • Publish Date - November 23, 2024 / 06:54 PM IST,
    Updated On - November 23, 2024 / 06:54 PM IST

नयी दिल्ली, 23 नवंबर (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में महायुति गठबंधन की ‘ऐतिहासिक जीत’ के लिए राज्य के लोगों का आभार व्यक्त किया और कहा कि गठबंधन को इतना बड़ा बहुमत देकर लोगों ने ‘संविधान के फर्जी शुभचिंतकों’ की दुकानें बंद करा दीं।

शाह ने झारखंड में भाजपा को दूसरे दलों की तुलना में सबसे अधिक वोट देने के लिए राज्य की जनता को भी धन्यवाद दिया।

केंद्रीय मंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘जय महाराष्ट्र! इस ऐतिहासिक जनादेश के लिए महाराष्ट्र की जनता का कोटि-कोटि वंदन।”

भाजपा नेता ने कहा, “छत्रपति शिवाजी महाराज, बाबासाहेब आंबेडकर, ज्योतिबा फुले और वीर सावरकर की पुण्यभूमि महाराष्ट्र ने विकास के साथ-साथ संस्कृति और राष्ट्र को सर्वोपरि रखने वाले महायुति गठबंधन को इतना प्रचंड जनादेश देकर भ्रम और झूठ के सहारे संविधान के नकली हितैषी बनने वालों की दुकान पर ताला लगा दिया है।”

उन्होंने एक और पोस्ट में कहा, “झारखंड में भाजपा को सबसे अधिक मत प्रतिशत का आशीर्वाद देने के लिए प्रदेश वासियों का आभार व्यक्त करता हूं। साथ ही, झारखंड भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं को उनके अथक परिश्रम के लिए शुभकामनाएं देता हूं।”

उन्होंने लिखा, “भाजपा के लिए जनजातीय समाज की आकांक्षाओं की पूर्ति और उनकी अस्मिता की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। राजग की केंद्र सरकार झारखंड वासियों की उन्नति, प्रगति और जनजातीय विरासतों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है तथा मोदी जी के नेतृत्व में हम निरंतर इस दिशा में कार्य करते रहेंगे। भाजपा झारखंड में एक सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभाएगी।”

भाषा जोहेब माधव

माधव