(तस्वीरों के साथ)
चेन्नई, 14 अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने मंगलवार को कहा कि तमिलनाडु के लोग द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) से ‘तंग आ चुके हैं’ और ‘परिवारवाद’ से छुटकारा पाना चाहते हैं।
नड्डा ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन के नेतृत्व वाली द्रमुक सरकार के कार्यकाल में यह राज्य ‘सांस्कृतिक राजधानी’ से ‘अपराध की राजधानी’ में तब्दील हो गया है।
तमिलनाडु की 234-सदस्यीय विधानसभा के लिए 23 अप्रैल को होने वाले चुनाव के मद्देनजर भाजपा ने ‘‘पुदिया युगम पदैक्कुम थमराई वकुरुथि (कमल वादे के माध्यम से एक नये युग का निर्माण) -2026’’ नाम से अपना घोषणा-पत्र जारी किया। पार्टी ने दावा किया कि द्रमुक ‘सभी मोर्चों पर तमिलनाडु को विफल’ कर चुकी है।
पूर्व राज्यपाल तमिलिसाई सौंदर्यराजन की अध्यक्षता में 13-सदस्यीय समिति द्वारा तैयार किए गए भाजपा के चुनावी घोषणा-पत्र में शासन और कानून व्यवस्था, सामाजिक न्याय, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य सेवा और किसान कल्याण सहित 12 विषयों को शामिल किया गया है।
तमिल नववर्ष के अवसर पर जारी किए गए घोषणापत्र में आश्वासन दिया गया है कि भगवान मुरुगन (सुब्रह्मण्य स्वामी) के सम्मान में आयोजित किये जाने वाले ‘थाईपूसम’ को राज्य उत्सव घोषित किया जाएगा, और तिरुप्पारनकुंद्रम पहाड़ी की चोटी पर ‘कार्तिकई दीपम’ जलाने की परंपरा को फिर से शुरू किया जाएगा और संरक्षित किया जाएगा।
भाजपा ने घोषणा-पत्र में ‘गांजा-मुक्त’ राज्य, त्वरित कार्रवाई के लिए एक समर्पित हेल्पलाइन, विशेष त्वरित अदालतें और बार-बार अपराध करने वालों तथा गिरोहों के लिए स्वापक औषधि एवं मन: प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मृत्युदंड का भी वादा किया गया है।
भाजपा द्वारा किये गए अन्य प्रमुख वादों में परिवार की महिला मुखिया को 2,000 रुपये की मासिक सहायता प्रदान करना और प्रत्येक परिवार को 10,000 रुपये का एकमुश्त अनुदान देना शामिल है।
पार्टी ने साल में पोंगल, तमिल नववर्ष और दिवाली पर एक-एक एलपीजी सिलेंडर मुफ्त देने का भी वादा किया है।
नड्डा ने कहा कि द्रमुक ‘वंशवादी पार्टी’ की तरह काम करती है।
उन्होंने दावा किया, ‘‘यह एक पारिवारिक पार्टी है जहां स्टालिन शीर्ष पर हैं, उदयनिधि स्टालिन उत्तराधिकारी हैं, कनिमोई करुणानिधि एक प्रमुख चेहरा हैं तथा सबरीसन प्रबंधक हैं। पार्टी इसी तरह काम करती है। यह पारिवारवादी शासन है।’’
नड्डा ने कहा, ‘‘हमें यह समझना होगा। राज्य की जनता द्रमुक और उसके सहयोगियों की वंशवाद, अपराध और भ्रष्टाचार के प्रति पूर्ण आक्रोशित है। लोग चुनाव में इस अपवित्र गठबंधन को मात देंगे।’’
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘हम भारतीयों को तमिलनाडु पर बहुत गर्व है, क्योंकि यह दुनिया की सबसे प्राचीन सभ्यताओं में से एक का उद्गम स्थल है। हालांकि, मौजूदा द्रमुक सरकार के तहत, यह सांस्कृतिक राजधानी दुखद रूप से ‘‘अपराध की राजधानी’’ में तब्दील हो रही है।’’
भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि द्रमुक ने महिलाओं, युवाओं और समाज के हाशिये पर पड़े वर्गों से ‘विश्वासघात’ किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी ‘3सी’ यानी करप्शन (भ्रष्टाचार), कलेक्शन (वसूली) और कमीशन (दलाली) में विश्वास करती है।
नड्डा ने कहा, ‘‘उनके नेता उदयनिधि स्टालिन ने सनातन धर्म की तुलना डेंगू और कोरोना वायरस से की, जो स्पष्ट रूप से उनकी घृणा को दर्शाता है। उन्होंने तिरुप्पारनकुंद्रम पहाड़ियों पर दीप प्रज्वलित करने के उच्च न्यायालय के आदेश के खिलाफ उच्चतम न्यायालय में याचिका दायर की।’’
केंद्रीय मंत्री ने दावा किया कि तमिलनाडु ‘‘मादक पदार्थों की राजधानी’ बन गया है। उन्होंने दोहराया, ‘‘लोग द्रमुक से तंग आ चुके हैं। वे परिवारवाद से मुक्ति चाहते हैं।’’
भाजपा के घोषणा-पत्र में कहा गया है कि राज्य की सत्ता में आने पर वह महिलाओं के खिलाफ अपराधों से युद्धस्तर पर निपटेगी, जिसमें प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया को सुव्यवस्थित करना, पीड़ित-गवाह संरक्षण, यौन अपराधों सहित जघन्य मामलों के लिए विशेष त्वरित अदालतें, बस, विद्यालयों और विश्वविद्यालयों में संभावित अपराध स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाना और निर्भया कोष का अधिकतम उपयोग करना शामिल है।
भाजपा ने पात्र महिलाओं को ई-स्कूटर खरीदने के लिए 25,000 रुपये की सब्सिडी देने का भी वादा किया है।
केंद्र में सत्तारूढ़ और राज्य में ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ रही भाजपा ने तमिलनाडु में जीतने पर केंद्र की पीएम-किसान योजना में 3,000 रुपये की अतिरिक्त सहायता देने के लिए ‘उझावे थाई’ योजना शुरू करने का वादा किया है, जिससे किसानों की कुल वार्षिक सहायता राशि बढ़कर प्रति किसान 9,000 रुपये हो जाएगी।
घोषणा-पत्र में मादक पदार्थ उन्मूलन विभाग के गठन का वादा किया गया है, जिसमें एक विशेष मादक पदार्थों के खिलाफ कार्यबल और समुद्री तस्करी की निगरानी के लिए मादक पदार्थों से संबंधित एक खुफिया शाखा शामिल होगी।
अन्य वादों में महिला नेतृत्व वाली सहकारी समितियों, स्वयं सहायता समूहों और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों के लिए 50 लाख रुपये तक के ऋण और महिला-नीत सहकारी समितियों से 20 प्रतिशत सरकारी खरीद अनिवार्य करना शामिल है।
भाजपा ने पशुपालन, मवेशी पालन, झींगा पालन, मधुमक्खी पालन और मुर्गी पालन जैसी गतिविधियों के लिए लघु एवं सीमांत किसानों को 50,000 रुपये का एकमुश्त अनुदान प्रदान करने का भी वादा किया है।
घोषणापत्र में पहली पीढ़ी के छात्रों के लिए 10 लाख रुपये के ब्याज-मुक्त ऋण और बेरोजगारी के कारण ईएमआई का भुगतान करने में असमर्थ लोगों के लिए शिक्षा ऋण माफी का भी वादा किया गया है।
इसमें एक लाख सरकारी नौकरियों का सृजन, परीक्षा में शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाले को मुफ्त कोचिंग और तमिल माध्यम के विकल्पों के साथ जिला स्तरीय कोचिंग केंद्र स्थापित करना भी शामिल है।
भाजपा ने 12वीं कक्षा के स्नातकों को भविष्य के लिए तैयार करने हेतु कृत्रिम बुद्धिमत्ता और रोबोटिक्स में व्यावहारिक प्रयोगशालाओं के साथ प्रति सप्ताह एक घंटे का समर्पित प्रशिक्षण प्रदान करने का वादा किया है।
भाषा धीरज सुरेश
सुरेश