राजस्थान में ग्रामीण सेवा शिविरों का अधिकतम लाभ उठाएं लोग : भजनलाल शर्मा

Ads

राजस्थान में ग्रामीण सेवा शिविरों का अधिकतम लाभ उठाएं लोग : भजनलाल शर्मा

  •  
  • Publish Date - June 20, 2026 / 08:24 PM IST,
    Updated On - June 20, 2026 / 08:24 PM IST

जयपुर, 20 जून (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों से राज्य सरकार द्वारा आयोजित सेवा शिविरों का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान करते हुए शनिवार को कहा कि इनका उद्देश्य प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

शर्मा ने पाली जिले के एक राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर का दौरा किया और विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए काउंटरों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लाभार्थियों से भी बातचीत की।

सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार नागरिकों को उनके घर के निकट ही राहत और विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए राजस्थान भर में ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों का आयोजन कर रही है।

उन्होंने कहा कि इन शिविरों के माध्यम से किसानों, श्रमिकों, गरीबों, महिलाओं, दिव्यांगजन तथा समाज के अन्य वर्गों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ा जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘शिविरों में सरकारी दस्तावेजों में सुधार जैसे कार्य किए जा रहे हैं, जिससे पात्र लोगों को बिना किसी प्रक्रियागत बाधा के योजनाओं का लाभ मिल सके। नाम संशोधन, भूमि अभिलेखों का नामांतरण और पेंशन सत्यापन जैसी सेवाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।’’

उन्होंने बताया कि किसानों को मृदा परीक्षण की सुविधा, बीज मिनी-किट तथा फलदार पौधों के वितरण के माध्यम से सहायता प्रदान की जा रही है। साथ ही ग्रामीणों को स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं का लाभ भी मिल रहा है।

शर्मा ने पशुपालकों से भी शिविरों में उपलब्ध पशु स्वास्थ्य जांच और उपचार सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की। इस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों को भूमि पट्टे सहित अन्य प्रमाण-पत्र भी वितरित किए।

भाषा

पृथ्वी रवि कांत