लोग बंद का सहारा न लें, बातचीत के लिए आगे आएं : मणिपुर के मुख्यमंत्री

लोग बंद का सहारा न लें, बातचीत के लिए आगे आएं : मणिपुर के मुख्यमंत्री

लोग बंद का सहारा न लें, बातचीत के लिए आगे आएं : मणिपुर के मुख्यमंत्री
Modified Date: May 22, 2026 / 03:14 pm IST
Published Date: May 22, 2026 3:14 pm IST

इंफाल, 22 मई (भाषा) मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई खेमचंद सिंह ने शुक्रवार को राज्य की जनता से बातचीत के लिए आगे आने और बंद या नाकाबंदी का सहारा न लेने की अपील की।

सिंह ने यह बात इंफाल पश्चिम जिले के अखम मखा लीकाई में एक पुल के उद्घाटन के अवसर पर कही।

सिंह ने एक सभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘सरकार के प्रति आक्रोश के कारण बंद और नाकाबंदी करने से केवल कठिनाई ही होती है, खासकर दिहाड़ी मजदूरों के लिए।’’

उन्होंने यह भी कहा, ‘‘मैं दो बार जिरीबाम जा चुका हूं। पहली बार मैंने हेलीकॉप्टर से जिले का दौरा किया और दूसरी बार सड़क मार्ग से, जिसके दौरान कुकी, पाइते, हमार और मेइती समुदायों के सदस्य जमीनी स्तर पर एकत्रित हुए और आपस में बातचीत की। सभी के बीच सौहार्दपूर्ण संबंध हैं।’’

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘जिरीबाम से लौटने के अगले दिन, अप्रैल में बिष्णुपुर जिले के ट्रोंगलाओबी में हुए बम हमले में दो छोटे बच्चों की मौत हो गई, जिससे हम सभी को गहरा दुख हुआ। इस घटना के बाद राज्य में बंद के कारण अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचा।’’

सिंह ने लोगों से अपील की, ‘‘जब भी सरकार के प्रति किसी प्रकार की निराशा या आक्रोश हो, तो आपसी समझ तक पहुंचने के लिए बातचीत के लिए आगे आएं, क्योंकि बंद से केवल कठिनाइयां होती हैं।’’

बाद में, सोशल मीडिया पोस्ट में सिंह ने कहा, ‘‘मुझे आज लामसांग विधानसभा क्षेत्र के अखम मखा लीकाई में नामबुल नदी पर बने आरसीसी पुल का उद्घाटन करते हुए खुशी हो रही है।’’

उन्होंने यह भी कहा कि यह महत्वपूर्ण अवसंरचना परियोजना प्रमुख क्षेत्रों के बीच संपर्क को मजबूत करेगी, लोगों और वस्तुओं की आवाजाही को सुगम बनाएगी, स्थानीय बाजारों को समर्थन देगी और आर्थिक विकास एवं समावेशी विकास में योगदान देगी।

भाषा तान्या शफीक

शफीक


लेखक के बारे में