पंजाब में शांति और विकास के लिए लोग शिअद और भाजपा को साथ देखना चाहते हैं: मजीठिया

Ads

पंजाब में शांति और विकास के लिए लोग शिअद और भाजपा को साथ देखना चाहते हैं: मजीठिया

  •  
  • Publish Date - August 21, 2026 / 07:54 PM IST,
    Updated On - August 21, 2026 / 07:54 PM IST

चंडीगढ़, 21 अगस्त (भाषा) अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने शुक्रवार को कहा कि पंजाब में शांति, विकास और प्रगति के लिए लोग शिरोमणि अकाली दल (शिअद) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को फिर से साथ देखना चाहते हैं। हालांकि, उन्होंने कहा कि इस संबंध में कोई भी फैसला दोनों दलों का नेतृत्व ही करेगा।

मजीठिया का यह बयान उनकी बहन और पूर्व केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल के उस बयान के एक दिन बाद आया है, जिसमें उन्होंने अकाली दल और भाजपा के बीच फिर से गठबंधन की अटकलों को हवा दी थी। उन्होंने इशारों में कहा था कि ऐसे ‘समझौते’ फिर होने चाहिए, जिनके जरिए दिल्ली से पंजाब तक विकास के काम आगे बढ़े थे।

हरसिमरत ने बृहस्पतिवार को लोंगोवाल में कहा था, ‘गुरु साहिब आशीर्वाद दें। यह बोलना मेरा काम नहीं है, इसलिए मैं अपनी जुबान रोक रही हूं। आपको खुद पता चल जाएगा।’

उन्होंने कहा था, ‘भगवान कृपा करें और लोग हमें ताकत दें। ऐसे समझौते, जिनके माध्यम से दिल्ली से विकास और प्रगति के काम होते थे और एक बार फिर पंजाब में विकास एवं तरक्की की नींव रखी जाए, जिससे पंजाब और पंजाब के लोगों को लाभ मिले।’

मजीठिया ने पुराने गठबंधन का जिक्र करते हुए कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के बीच हुआ गठबंधन सांप्रदायिक सौहार्द और हिंदू-सिख एकता पर आधारित था।

उन्होंने कहा कि यह गठबंधन सफल रहा था और पंजाब का विकास उसी दौरान हुआ जब दोनों दल साथ थे।

मजीठिया ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘आज के हालात में जिस तरह की कानून-व्यवस्था, सांप्रदायिक सद्भाव की जरूरत है, लोग चाहते हैं कि हम साथ आएं।’’

उन्होंने कहा कि हरसिमरत कौर बादल ने भी बृहस्पतिवार को इसी भावना को व्यक्त किया था।

मजीठिया ने कहा, ‘लोग एक व्यवहारिक और बेहतर विकल्प चाहते हैं, जो पंजाब को स्थिर और अच्छी सरकार दे सके।’

भाषा

शुभम संतोष

संतोष