लोग विकास और स्थिरता के पक्ष में मतदान करेंगे : भाजपा

Ads

लोग विकास और स्थिरता के पक्ष में मतदान करेंगे : भाजपा

  •  
  • Publish Date - March 15, 2026 / 09:52 PM IST,
    Updated On - March 15, 2026 / 09:52 PM IST

नयी दिल्ली, 15 मार्च (भाषा) भाजपा ने रविवार को चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में विधानसभा चुनावों के कार्यक्रम की घोषणा का स्वागत किया और विश्वास जताया कि जनता विकास, स्थिरता और सुशासन के पक्ष में अपना जनादेश देगी।

निर्वाचन आयोग के अनुसार, असम, केरल, पुडुचेरी में नौ अप्रैल और तमिलनाडु में 23 अप्रैल को मतदान होगा, जबकि पश्चिम बंगाल में दो चरणों – 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को मतदान होगा।

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘पांचों राज्यों के चुनाव की तारीखों की घोषणा के साथ ही राजग और भाजपा के कार्यकर्ता विधानसभा चुनावों के लिए पूरी तरह तैयार हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में एक ओर जहां असम और पुडुचेरी में पुनः राजग की सरकार बनने जा रही है, वहीं दूसरी ओर पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और केरल में भी जनता के आशीर्वाद से राजग-भाजपा की विजय का मार्ग प्रशस्त हो रहा है।’’

चुनाव कार्यक्रम की घोषणा का स्वागत करते हुए भाजपा के महासचिव तरुण चुघ ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘चुनाव लोकतंत्र का एक भव्य उत्सव है, एक ऐसा अवसर जो न केवल जनभागीदारी को मजबूत करता है बल्कि विकास, जन कल्याण और सुशासन के लिए नए रास्ते भी प्रशस्त करता है।’’

उन्होंने कहा कि यह लोगों के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग करने तथा लोकतंत्र को और अधिक सशक्त बनाने का अवसर है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता ने कहा, ‘‘मुझे विश्वास है कि इन राज्यों के जागरूक नागरिक लोकतांत्रिक मूल्यों को कायम रखेंगे और विकास, स्थिरता और सुशासन के पक्ष में निर्णायक जनादेश देंगे।’’

भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा कि चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के लिए ‘‘उल्टी गिनती’’ शुरू हो गई है।

केरल के लिए भाजपा के चुनाव प्रभारी विनोद तावड़े ने पार्टी कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘विकसित भारत, विकसित केरलम’ के दृष्टिकोण को हर घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।

भाषा शफीक नरेश

नरेश